इटावा भरथना तहसील क्षेत्र के मूल निवासी पैरालम्पिक मेडलिस्ट जैवलिन थ्रोअर डॉ0 अजीत सिंह यादव को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पी0सी0एस0 के अंतर्गत जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) के पद पर नियुक्त किया गया है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला विधी (साम्हों) के मूल निवासी भालाफेंक के खिलाडी डा0 अजीत सिंह यादव ने दूरभाष पर बताया कि इससे पहले वह मुम्बई में आयकर विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उ0प्र0 अन्तर्राष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली 2022 के अन्तर्गत चयन समिति द्वारा की गई संस्तुति के आधार पर उनकी पंचायतीराज विभाग में जिला पंचायतराज अधिकारी के पद पर नियुक्ति की गई है। डॉ0 अजीत सिंह यादव ने लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान ग्वालियर से खेल एवं शारीरिक शिक्षा में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने के उपरान्त यूजीसी नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है।
वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें लक्ष्मण पुरूस्कार तथा वर्ष 2024 में भारत सरकार द्वारा अर्जुन पुरूस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया था। उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2022, वर्ल्ड चैंपियनशिप 2019, 2023, 2024 सहित अनेक अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश को बार-बार गौरवान्वित किया है।
Author: Mohammed irfan













