Explore

Search

April 21, 2026 3:15 am

बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बसरेहर/इटावा। मिशन वात्सल्य के अंतर्गत ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बताया गया कि ऐसे बच्चे जिनके पिता या संरक्षक की मृत्यु 1 मार्च 2020 से लेकर अब तक हुई हो या जिनके पिता कैंसर कुष्ठ एचआईवी जैसी किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित व कमाने लायक न रहे हों या फिर ऐसे बच्चे जो अनाथ हो गए हों उनको शीघ्र चिन्हित करें उनके आवेदन ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के माध्यम से प्रस्ताव पारित कर भेजें उन्हें नियमित आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। योजनांतर्गत जनपद में अभी कुल करीब 1900 बच्चों को लाभान्वित कराया जा रहा है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर पहुंचे बाल संरक्षण अधिकारी सोहन गुप्ता ने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व स्पॉन्सरशिप के अंतर्गत असहाय व अनाथ बच्चों को लाभान्वित किया जा रहा है। पात्र लाभार्थी बच्चों को हर हाल में लाभ दिलाना है। फॉस्टर केयर व कन्या सुमंगला योजना की पात्रता एवं लाभ की विस्तृत जानकारी दी। बताया कि नि:संतान दंपत्ति दत्तक ग्रहण के लिए आवेदन कर सकते हैं।

बाल संरक्षण विशेषज्ञ प्रेम कुमार शाक्य ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजनान्तर्गत ढाई हजार रुपए प्रतिमाह व स्पॉन्सरशिप के अंतर्गत चार हजार रुपए प्रतिमाह पात्र लाभार्थी असहाय व अनाथ बच्चों को मिल रहा है इस कारण कोई भी ऐसा बच्चा अब शिक्षा से वंचित नहीं रह सकेगा और न ही पालन पोषण में कोई दिक्कत होगी। बच्चों से संबंधित मामलों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का सहयोग लें। अध्यक्षीय संबोधन में खंड विकास अधिकारी प्रह्लाद सिंह ने कहा कि बच्चे शिक्षा व स्वास्थ्य के अधिकार से वंचित न रहें इसके लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व स्पॉन्सरशिप योजना वरदान है। पात्र बच्चों को शीघ्र चिन्हित करें तथा उनके आवेदन हर हाल में भरवाए जाएं। उन्होंने बाल विवाह रोके जाने हेतु सभी को शपथ भी दिलाई।

बैठक में सीएचसी से डॉ. ललित वर्मा, एडीओ समाज कल्याण अंकुर, थाने के उपनिरीक्षक कौशल किशोर समाधिया, आंकड़ा विश्लेषक उमर मुर्तजा, सीडीपीओ कार्यालय से पंकज मौजूद रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर