Explore

Search

October 24, 2026 4:41 am

लेटेस्ट न्यूज़

आस्था और उल्लास के साथ निकली श्रीराम बारात: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘अशोक वाटिका’ की झांकियों ने मोहा दिल

अब्दुल्लाह अख़्तर

छिबरामऊ (कन्नौज):

शहर में शनिवार की देर रात मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बैंड-बाजों की गूंज और आकर्षक झांकियों के साथ निकली इस बारात में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई भगवान श्रीराम की एक झलक पाने को उत्सुक नजर आया।

तालग्राम तिराहे से हुआ भव्य आगाज

तालग्राम तिराहे के पास श्रीरामलीला कमेटी के बैनर तले सभी झांकियां एकत्र हुईं। रात करीब 8:30 बजे मुख्य अतिथियों ने भगवान श्रीराम की आरती उतारकर बारात को रवाना किया। बारात के शुभारंभ अवसर पर विधायक व पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष मनोज दुबे, कमेटी अध्यक्ष अंकित तिवारी, महामंत्री टीटू अग्निहोत्री, कौशलेंद्र सिंह, श्यामू चौहान, राजीवनयन त्रिपाठी और आचार्य प्रशांतानंद चंदन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देशभर के कलाकारों ने बिखेरी कला की छटा

इस बार की बारात की सबसे खास बात विभिन्न शहरों से आई अनोखी और जीवंत झांकियां रहीं:

 विशेष आकर्षण: नोएडा से आई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और जेवर की ‘अशोक वाटिका’ की झांकी ने हर किसी का मन मोह लिया।

 पारंपरिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: फर्रुखाबाद का प्रसिद्ध काली अखाड़ा, आगरा की अघोरी झांकी, इटावा की घोड़ा झांकी, बेवर का गोरिल्ला, एटा की राधा रानी और हाथरस की नाग-नागिन झांकी ने दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

 दिव्य स्वरूप: इनके अलावा राम दरबार, माता लक्ष्मी, हनुमान जी, मां सरस्वती, काली, दुर्गा, सूर्यदेव, शनिदेव, रावण, परशुराम, राधा-कृष्ण और भोलेनाथ की सुंदर झांकियां भी शामिल रहीं।

भक्ति में झूमे कमेटी पदाधिकारी

बैंड की सुरीली और भक्ति से सराबोर धुनों ने ऐसा समां बांधा कि श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारी और युवा खुद को रोक नहीं पाए और झूमते-थिरकते नजर आए। पूरे रास्ते में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया गया।

रामलीला मैदान में संपन्न हुआ जयमाल

रंग-बिरंगी रोशनी और आतिशबाजी के बीच देर रात बारात ऐतिहासिक रामलीला मैदान पहुंची। यहां पंडित प्रेम मुरारी दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम का जयमाल कार्यक्रम संपन्न कराया। अंत में कमेटी के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से भगवान की आरती उतारकर कार्यक्रम का समापन किया।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर