अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): भारतीय किसान यूनियन (शिवपाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह यादव का छिबरामऊ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इसके बाद आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की मजबूती, किसानों के ज्वलंत मुद्दों और देश में पत्रकारों पर हो रहे अत्याचारों को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह यादव, प्रदेश अध्यक्ष कामरान, अल्पसंख्यक मंडल अध्यक्ष शकील शेख, जिला अध्यक्ष नौशाद और युवा जिला अध्यक्ष सफी मंसूरी सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह यादव ने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि आज देश का अन्नदाता खाद, बीज, सिंचाई और बिजली की बढ़ती दरों से बेहद परेशान है। फसलों का उचित मूल्य न मिलने के कारण किसान कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं किया गया और उन्हें फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) कानूनी गारंटी के साथ नहीं मिला, तो किसान यूनियन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कामरान खान ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारों का पुरजोर पक्ष लिया और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाई। उन्होंने राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ हुई बदसलूकी, धक्का-मुक्की, अवैध हिरासत और उनके उपकरण व फोन जब्त किए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। कामरान खान ने कहा कि “पत्रकार देश का आईना हैं और जब-जब सरकारें सच दबाने की कोशिश करती हैं, तब-तब मीडिया पर हमला किया जाता है। दिल्ली में पत्रकारों के साथ जो अभद्रता और बदसलूकी हुई, वह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।” उन्होंने मांग की कि मीडियाकर्मियों को स्वतंत्र रूप से काम करने की आजादी मिले और उनके सुरक्षा अधिकारों की गारंटी तय की जाए।
कार्यक्रम के समापन पर युवा जिला अध्यक्ष सफी मंसूरी और जिला अध्यक्ष नौशाद ने सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। नेताओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि संगठन न सिर्फ किसानों और मजदूरों की लड़ाई लड़ेगा, बल्कि देश में सच दिखाने वाले पत्रकारों और उत्पीड़ित वर्गों की आवाज भी बनेगा। छिबरामऊ से लेकर पूरे जिले में जल्द ही बड़ा सदस्यता अभियान चलाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
Author: Mohammed irfan













