Explore

Search

July 29, 2026 7:04 pm

लेटेस्ट न्यूज़

AIMIM इटावा ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय प्रकरण में राष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा ज्ञापन

इटावा, 28 जुलाई। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) जनपद इटावा के जिलाध्यक्ष डॉ. शमशाद हुसैन वारसी के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति महोदया, माननीय राज्यपाल महोदया, उत्तर प्रदेश तथा माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के नाम जिलाधिकारी इटावा के माध्यम से एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर से संबंधित प्रकरण में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि विश्वविद्यालय एक मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थान है और इससे जुड़े किसी भी प्रशासनिक अथवा विधिक विवाद का प्रतिकूल प्रभाव सीधे विद्यार्थियों की शिक्षा, परीक्षाओं, शोध कार्य एवं भविष्य पर पड़ता है।

ज्ञापन में कहा गया कि चूंकि यह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है तथा सक्षम अपीलीय प्राधिकारी द्वारा ध्वस्तीकरण आदेश पर अंतरिम रोक (स्टे) प्रदान की जा चुकी है, इसलिए अंतिम न्यायिक निर्णय आने तक ऐसी कोई भी प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियाँ बाधित हों अथवा छात्र-छात्राओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।

AIMIM ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि पार्टी संविधान, कानून के शासन तथा न्यायपालिका का पूर्ण सम्मान करती है। यदि भूमि, निर्माण अथवा प्रशासनिक प्रक्रिया से संबंधित कोई विवाद है तो उसका समाधान विधिसम्मत एवं न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए तथा निर्दोष छात्र-छात्राओं के हितों और उनके शैक्षणिक भविष्य की हर संभव रक्षा सुनिश्चित की जाए।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि विश्वविद्यालय प्रकरण का समाधान संविधान एवं कानून के दायरे में किया जाए, अंतिम निर्णय तक शैक्षणिक गतिविधियाँ निर्बाध रूप से संचालित रहने दी जाएँ, विद्यार्थियों की परीक्षाओं, शोध कार्य एवं भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, विश्वविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के बीच संवाद स्थापित कर न्यायसंगत एवं शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाए तथा किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से पहले विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डॉ. शमशाद हुसैन वारसी ने कहा कि AIMIM का उद्देश्य किसी भी न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना नहीं, बल्कि हजारों छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक भविष्य की रक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप ऐसा समाधान निकाला जाना चाहिए जिससे न्याय भी हो और विद्यार्थियों का भविष्य भी सुरक्षित रहे।

ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. शमशाद हुसैन वारसी (जिलाध्यक्ष), मोहम्मद सलमान (जिला उपाध्यक्ष), आसिफ़ फारूकी (नगर पंचायत अध्यक्ष, बकेवर), अजय प्रताप सिंह कुशवाह (जिला महासचिव), एहसान खान (महासचिव), मोहम्मद शावेज़ राइन (जिला मीडिया प्रभारी), इमरान खान (जिला महासचिव), रईसुद्दीन राइन (वार्ड अध्यक्ष), शहवाज खान (वार्ड अध्यक्ष), शादान अली, शीश अंसारी, फैज फारूकी, इमरान ओवैसी, अदनान अली, अदनान खान, मोहम्मद राजा, अरबाज अब्बासी सहित अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर