Explore

Search

May 9, 2026 2:13 am

लेटेस्ट न्यूज़

खाकी ने निभाया फर्ज: समय पर अस्पताल पहुँचाकर बचाई जहरखुरानी पीड़ित की जिंदगी

अब्दुल्ला अख़्तर
पश्चिमी बाईपास पर बेहोशी की हालत में मिला पीड़ित; पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
छिबरामऊ (कन्नौज): जनपद के इंदरगढ़ क्षेत्र का एक युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। नोएडा से नौकरी कर घर लौट रहे युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर टप्पेबाजों ने उसकी नगदी, मोबाइल और कीमती सामान पार कर दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पीआरवी 112 ने युवक को सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार, इंदरगढ़ निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र सिपाही लाल नोएडा में निजी नौकरी करता है। वह नोएडा से रोडवेज बस द्वारा अपने घर वापस लौट रहा था। सफर के दौरान बस में मौजूद अज्ञात जहरखुरानों ने उसे कोई नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह अचेत हो गया।
जितेंद्र के बेहोश होते ही बदमाशों ने उसके पास रखे 15,000 रुपये नगद, उसका बैग और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि युवक को बेहोशी की हालत में पश्चिमी बाईपास के पास बस से नीचे उतार दिया गया।
सड़क किनारे युवक को बेसुध पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची 112 पुलिस ने उसे तत्काल छिबरामऊ स्थित सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही बदहवास परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल युवक का उपचार जारी है, हालांकि उसकी हालत अभी भी पूरी तरह स्थिर नहीं बताई जा रही है।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई खाने-पीने की वस्तु का सेवन न करें और संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर