Explore

Search

April 18, 2026 7:56 pm

सीसीटीवी की निगरानी में नहीं, पुलिस की पैनी निगरानी में कैद हुए बदमाश,,चोरी की योजना बनाते चार शातिर गिरफ्तार, चोरी के उपकरण और 10 हज़ार रुपये बरामद

इटावा। अगर आपको लगता है कि सीसीटीवी कैमरे ही अपराधियों को पकड़ने का सबसे कारगर जरिया हैं, तो इटावा पुलिस ने साबित कर दिया कि मुखबिर तंत्र और सतर्कता किसी भी कैमरे से बेहतर काम करती है। रविवार की रात को फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस ने चार शातिर चोरों को उस वक्त धर दबोचा, जब वे रेलवे कॉलोनी में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग के दौरान पुलिस को खास सूचना मिली। सूचना थी कि रेलवे कॉलोनी स्थित पानी की टंकी के पास कुछ लोग संदिग्ध हालात में खड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चारों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने जब इनकी तलाशी ली, तो हैरान रह गई। इनके पास से चोरी के जितने उपकरण मिले, वह किसी टूलकिट से कम नहीं थे। बरामदगी की लिस्ट लंबी है:

 

· लोहे की रॉड, पेंचकस, प्लास, आरी का ब्लेड, टॉर्च

· छेनी, संडासी, पाना, तीन हथौड़े

· दो छुरा, एक छोटी रॉड

· एक एंड्रॉयड मोबाइल और 10,000 रुपये नकद

 

पूछताछ में खुली चोरी की परतें

 

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बीते दिनों हुई दो बड़ी चोरियों में अपना हाथ होना स्वीकार किया। इनमें शामिल हैं:

 

1. थाना फ्रेंड्स कॉलोनी: 10/11 जुलाई 2025 की रात शांति कॉलोनी में एक मकान से आभूषण और नकदी चोरी (मुकदमा संख्या 187/2025)।

2. थाना इकदिल: 22 फरवरी 2026 को ग्वालियर बाइपास रोड स्थित विकास कॉलोनी में मकानों से घरेलू सामान, आभूषण और कैमरे की एनवीआर चोरी (मुकदमा संख्या 38/2026)।

 

शातिरों पर शिकंजा: फिरोजाबाद से इटावा तक है रिकॉर्ड

 

गिरफ्तार आरोपियों के नाम और उनके आपराधिक इतिहास पर नजर डालें तो पता चलता है कि ये कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि शातिर बदमाश हैं।

1. बृजेश उर्फ बच्चे (पुत्र फूलन सिंह), निवासी शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। उम्र करीब 40 साल। (1 पुराना मुकदमा)

2. मुखिया (पुत्र लायक सिंह), निवासी सिरसागंज, फिरोजाबाद। उम्र करीब 40 साल। (पूर्व में 18 मुकदमे दर्ज) जिसमें हत्या के प्रयास, लूट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराएं शामिल हैं।

3. गौरव (पुत्र फूलन सिंह), निवासी शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। उम्र 38 साल। (पूर्व में 11 मुकदमे दर्ज) जिसमें आर्म्स एक्ट, चोरी और आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं।

4. दीपक (पुत्र अनन्तराम), निवासी सिरसागंज, फिरोजाबाद। उम्र 41 साल। (पूर्व में 2 मुकदमे दर्ज)।

 

मौके पर हुई कार्रवाई

 

इन सभी के खिलाफ थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में मुकदमा संख्या 59/26 धारा 313/317(2)/317(4) बीएनएस व धारा 4/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत कर उनका चालान कर दिया गया। पुलिस की इस सफल कार्रवाई से जहां एक ओर आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

 

पुलिस टीम: इस सफल अभियान में थानाध्यक्ष अमित मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शंकरानन्द, दीपक सिंह, सौरभ सिंह, भारत सिंह, कांस्टेबल राहुल, योगेश सिंह, पुष्पेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, हेमराज और कुलदीप कुमार शामिल रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर