Explore

Search

April 20, 2026 4:09 pm

शादी समारोह में सनसनी: हथियार लहराकर युवक को जबरन उठाने की कोशिश, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

शादी समारोह में सनसनी: हथियार लहराकर युवक को जबरन उठाने की कोशिश, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

हरदोई शहर में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों ने कथित तौर पर हथियारों के दम पर एक युवक को अगवा करने की कोशिश की। खुशियों के माहौल में अचानक चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। घटना कोतवाली शहर क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित एक मैरिज लॉन की बताई जा रही है, जहां वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था।

जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी प्रखर अग्निहोत्री समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह मैरिज लॉन की गैलरी में पहुंचे, पहले से घात लगाए खड़े 8 से 10 युवकों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों के हाथों में डंडे और अवैध असलहे थे। पहले उनके साथ मारपीट की गई, फिर उन्हें घसीटते हुए बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। इस दौरान तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

शोर मचाने पर मौके पर मौजूद बाराती और घराती सतर्क हो गए 

बताया जा रहा है कि हमलावर युवक को जबरन एक गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन प्रखर के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद बाराती और घराती सतर्क हो गए। कई लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देख हमलावरों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई।घटना का पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ युवक गैलरी से तेजी से बाहर निकलते हैं और उनके पीछे अन्य लोग दौड़ते नजर आते हैं। वीडियो में भगदड़ और धक्का-मुक्की के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जिसे बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार युवकों की तलाश की जा रही है।घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। सवाल उठ रहा है कि खुलेआम हथियार लहराकर किसी को जबरन उठाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ क्या सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर