इटावा, 02 फरवरी, 2026: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की प्रथम बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में जनगणना के सुचारु, त्वरित और त्रुटिहीन संचालन के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किये गए।
पूरी तरह डिजिटल होगी जनगणना 2027
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा संचालित इस बैठक में यह महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई कि जनगणना 2027 का समस्त कार्य पूर्ण रूप से मोबाइल एप एवं पोर्टल के माध्यम से सम्पन्न कराया जाएगा। इस डिजिटल प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी सम्बंधित पदाधिकारियों को तकनीकी उपयोग में सजग रहने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
22 मई से शुरू होगा पहला चरण, फरवरी तक पूरा हो ट्रेनरों का डाटाबेस
बैठक में जनगणना के प्रथम चरण की समयसीमा तय की गई। प्रथम चरण का कार्य 22 मई से 20 जून, 2026 के बीच पूरा किया जाना है। इसके लिए मास्टर ट्रेनर्स, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के नामों को फरवरी माह के अंत तक अनिवार्य रूप से डिजिटल रूप से संधारित कर लिए जाने के आदेश दिए गए। इससे सीएमएमएस पोर्टल पर पदाधिकारियों का डाटाबेस अपलोड करने की प्रक्रिया तेज और आसान हो सकेगी।
लखनऊ से आए विशेषज्ञ ने दी विस्तृत जानकारी
बैठक में उप निदेशक एवं उप मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी, लखनऊ श्रीमती दिव्या जैन ने जनगणना 2027 से संबंधित एक विस्तृत प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां और दिशा-निर्देश साझा किए।
बैठक में उपस्थित रहे प्रमुख अधिकारी
इस अहम बैठक में अपर जिला जनगणना अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, अर्थ एवं संख्या अधिकारी रमेश चन्द्र सहित अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











