Explore

Search

November 3, 2026 1:27 am

लेटेस्ट न्यूज़

जसवंतनगर पुलिस ने शांति भंग के आरोप में 16 लोगों को किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश इटावा। थाना जसवंतनगर पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई करते हुए अलग-अलग गांवों और क्षेत्रों के 16 लोगों को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किए गए लोगों में ग्राम जलपोखर के जयवीर सिंह, अवनीश कुमार, विपिन कुमार और सत्यवीर सिंह शामिल हैं। इसके अलावा पीपरीपुरा निवासी कौशल कुमार, गोबेपुरा निवासी अजीत, डूडहा निवासी अमित, नगला विधि निलोई निवासी विनोद यादव और ओमवीर यादव तथा नगला नरिया निवासी प्रदीप कुमार उर्फ सिंधी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, आगरा जनपद के जैतपुरा क्षेत्र के खटिकान मोहल्ला निवासी राजाराम, सूरज, बबलू, मनी और बारिश तथा बाह थाना क्षेत्र के बिजौली निवासी रामराज को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी 16 लोगों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उपजिला मजिस्ट्रेट न्यायालय जसवंतनगर में पेशी के लिए रवाना किया गया। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार से शांति भंग होने की आशंका पर पुलिस द्वारा सतर्कता बरतते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।

इटावा: यातायात माह का शुभारंभ — डीएम बोले, “सड़क पर अनुशासन अपनाकर अधिकांश दुर्घटनाएं रोकी जा सकती हैं”

इटावा, 02 नवंबर 2026। पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने फीता काटकर यातायात माह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि सड़क सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि एवं घायलों की संख्या चिंताजनक है। जनपद इटावा में जनवरी से अक्टूबर तक सड़क दुर्घटनाओं में 230 लोगों की मृत्यु हुई है, जो अत्यंत गंभीर विषय है। दुर्घटनाओं के विश्लेषण से पता चलता है कि दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का प्रयोग न करना तथा तेज गति से वाहन चलाना मृत्यु का प्रमुख कारण बन रहा है। कई बार समय से अस्पताल पहुंचाने के बावजूद गंभीर हेड इंजरी एवं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण लोगों की जान नहीं बचाई जा पाती है। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट अवश्य लगाना चाहिए। अभिभावक अपने बच्चों को तब तक वाहन न दें, जब तक वे यातायात नियमों को अच्छी तरह समझने एवं सुरक्षित ढंग से वाहन चलाने में सक्षम न हों। बच्चों की भी जिम्मेदारी है कि वे अपने घर के सदस्यों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने पर उन्हें टोकें। जिलाधिकारी ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। मुख्य मार्गों पर ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली अथवा अन्य वाहन खड़े न करें, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्य मार्ग पर प्रवेश करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा चौराहों एवं जंक्शनों पर वाहन की गति धीमी रखें। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनुशासन एवं सावधानी अपनाकर अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यातायात माह के अंतर्गत पूरे महीने जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। सभी लोग स्वयं नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यातायात माह को अब केवल चालान तक सीमित न रखकर यातायात जागरूकता माह के रूप में व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। यातायात नियमों की जानकारी होने के साथ-साथ उनका नियमित पालन करना भी आवश्यक है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को वाहन देने में विशेष सावधानी बरतें। जब तक बच्चों को यातायात नियमों की समुचित जानकारी न हो और वे सुरक्षित वाहन चलाने में सक्षम न हों, तब तक उन्हें वाहन न दें। सड़क पर चलते समय अपनी गति एवं वाहन पर नियंत्रण रखें, ताकि सामने वाले की गलती होने पर भी स्वयं को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क पर स्टंटबाजी करना रोमांच नहीं, बल्कि जीवन को खतरे में डालना है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राहगीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने से पीछे न हटें। दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद करें। सहायता करने वाले नेक व्यक्तियों को अनावश्यक कानूनी परेशानियों से संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। समय पर उपचार मिलने से किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने यातायात पुलिस से ई-रिक्शा, टेंपो एवं ट्रक चालकों सहित विभिन्न वाहन चालकों के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा यातायात नियमों पर आधारित नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई। इसके उपरांत जिलाधिकारी महोदय ने जागरूकता रैली का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि वे यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। सड़क सुरक्षा केवल पुलिस एवं प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।

कार्यक्रम में एसपी सिटी बबिता सिंह, सीओ ट्रैफिक राम गोपाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय सिंह, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष आलोक दीक्षित, उपाध्यक्ष अशोक जाटव, शहर अध्यक्ष सोनू अग्रवाल, युवा जिला अध्यक्ष रियाज अब्बासी, आफताब खान, सिकंदर वारसी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

#EtawahNews #TrafficPolice #RoadSafetyAwareness #HelmetIsSafe #SafeDriveSaveLife #यातायातजागरूकता #सड़कदुर्घटना #नोएडाएक्सप्रेसवे #इटावापुलिस #UPNews #शपथ #रैली

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर