इटावा, 02 नवंबरः उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) जिला इटावा की एक आवश्यक बैठक रविवार को बाबा मॉल स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई, जिसमें जिला अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता और महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव ने पिछले महीने हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में जिले के पदाधिकारियों द्वारा आयोजन की सफलता को लेकर के धन्यवाद ज्ञापित किया और आगे भी संगठन के कार्यों को ऐसी ही गतिशीलता और सामूहिक हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं संगठन ने प्रशासन से त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए मुख्य बाजार में धनतेरस से नो एंट्री लागू करने की मांग की है।

जिलाध्यक्ष कृष्णमुरारी गुप्ता ने कहा कि इस वक्त खाद्य विभाग मिलावट करने वालों के खिलाफ अभियान चलाए हुए है। ऐसे में विभाग उन व्यापारियों को भी चेकिंग और सेंपल फेल करने की बात कहकर उत्पीड़न कर रहा है जो बिलकुल भी मिलावट नहीं करते हैं। खाद्य विभाग ऐसे व्यापारियों की चेकिंग करें जो मिलावट कर रहे हैं लेकिन सही तरीके से शुद्ध माल बेचने वाले व्यापारियों का उत्पीड़न न किया जाए। व्यापार मंडल भी मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग के साथ खड़ा है। इसके साथ ही व्यापार मंडल व्यापारियों से अनुरोध करता है कि वो बिना मिलावट के अपने खाद्य पदार्थ बेचें।
जिलाध्यक्ष गुप्ता ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आगामी त्योहार धनतेरस, दिवाली और भाईदौज पर ज्यादा से ज्यादा लोकल व्यापारियों से सामान खरीदें व ऑनलाइन सामान खरीदने से बचें क्योंकि छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों के लिए भी यह त्योहार साल का सबसे बड़ा त्योहार होता है, जिसमें वो अपनी साल की पूरी जमा पूंजी लगाते हैं। दिवाली के त्योहार पर अगर आम जनमानस छोटे-बड़े व्यापारियों से सामान खरीदेगा तो उससे व्यापारियों और उनसे जुड़े परिवारों का भी भला होगा।
महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वो धनतेरस से लेकर दिवाली तक त्योहार के दौरान मुख्य बाजार में वनवे/नो एंट्री ट्रैफिक व्यवस्था को लागू करें और इस दौरान तिपहिया व चार पहिया वाहनों पर रोक लगाएं ताकि आम व्यक्ति आराम से खरीददारी कर सकें।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता और महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव ने जिले के प्रमुख व्यापारी और वरिष्ठ पत्रकार रहे अनंत पालीवाल को संगठन के जिला मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा है ताकि संगठन के कार्यों को मीडिया के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जा सकें। अनंत पालीवाल को करीब 22 सालों का मीडिया में कार्य करने का अनुभव है और इस दौरान वो देश के कई मीडिया संस्थानों में प्रिंट, इलेक्ट्रोनिक और डिजीटल माध्यम में कार्य करते रहे हैं। अनंत पालीवाल ने प्रदेश कार्यसमिति की विगत माह 7 अक्टूबर को हुई बैठक के दौरान मीडिया कवरेज में उत्कृष्ट भूमिका का निर्वाहन किया था।
बैठक के दौरान जिला कोषाध्यक्ष विनीत मित्तल, उपाध्यक्ष उमेश गुप्ता व करण दीक्षित, संजीव गुप्ता, संतोष सोनी, युवा जिलाध्याक्ष गोविंद दुबे, युवा जिला महामंत्री राजीव वर्मा व जयदीप त्रिपाठी, सुशील कुमार यादव, आनंद पोरवाल, संतोष पोरवाल, बंटी पोरवाल, शिवशरण गुप्ता, रामकुमार गुप्ता, रिंकू यादव महिला व्यापार मंडल की जिलाध्यक्ष मंजू पांडेय, गुड्डी बाजपेई आदि पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
Author: Mohammed irfan













