इटावा, 24 जनवरी। जिला प्रशासन और व्यापारी नेताओं के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए गुरुवार को नवीन कलक्ट्रेट सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव और एसपी सिटी अभय नाथ त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और शहर के सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। एडीएम श्रीवास्तव ने बताया कि अगले हफ्ते से शहर के सबसे अधिक अतिक्रमण वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहाँ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
नुमाइश के पास बनेगा स्ट्रीट फूड जोन
एडीएम ने एक महत्वाकांक्षी प्रस्ताव रखते हुए व्यापारी नेताओं को बताया कि शहर के नुमाइश के पास स्थित बच्चा पार्क में एक आकर्षक ‘स्ट्रीट फूड जोन’ विकसित किया जाएगा। इस प्रस्ताव का सभी व्यापारी नेताओं ने स्वागत किया और इसे शहर के पर्यटन और स्थानीय व्यवसाय के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।
यातायात समस्या का समाधान चाहिए
बैठक में जिला अध्यक्ष, उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, श्री आलोक दीक्षित ने बस अड्डा तिराहे पर लगने वाले भीषण जाम की ओर ध्यान दिलाते हुए मांग की कि बसों की वन-वे व्यवस्था लागू की जाए और शहर से बाहर जाने वाले सभी भारी वाहनों को पक्के बाग की तरफ से ही बाहर निकलने का मार्ग दिया जाए।
व्यापारी नेताओं ने रखीं समस्याएं
इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों के नेताओं ने अपनी-अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इनमें जिला उपाध्यक्ष अशोक जाटव, महिला प्रदेश मंत्री मंजू लता द्विवेदी, महिला जिला अध्यक्ष शकीला बेगम, उद्योग मंच के जिला महामंत्री राहुल दीक्षित, युवा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, प्रमित दीक्षित, सुमन यादव, राखी आदि प्रमुख थे।
उपस्थित अधिकारीगण
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इनमें सीओ सिटी अभय नारायण राय, सीओ ट्रैफिक राम गोपाल शर्मा, एसडीओ बिजली गगन अग्निहोत्री, इओ नगरपालिका संतोष मिश्रा, टीएसआई सूबेदार सिंह के साथ-साथ रोडवेज, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।











