अयोध्या।राम नगरी अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी जोरों पर चल रही है।राम नगरी को भव्य रूप से सजाया जाएगा,जो राम नगरी के सांस्कृतिक मूल्यों को उद्घाटित करता नजर आयेगा। इसके लिए अयोध्या जिला प्रशासन,तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद और नगर निगम तैयारी में जुटा है।
पहली बार रामकथा पार्क में दिव्य और अनोखा रामरथ निर्मित किया जायेगा।राम की पैड़ी पर पुष्पक विमान विशेष रूप से सज्जित किया जायेगा,जो आकर्षण का केंद्र होगा। दीपोत्सव के पहले ही पूरी राम नगरी सफेद रोशनी से नहा उठेगी। इसे सज्जित करने का दायित्व सार्क मल्टीमीडिया को दिया गया है।
राम नगरी में दीपोत्सव की थीम आधारित सजावट और इंस्टालेशन (पूर्व से तैयारी उपकरणों की लगाकर सजावट) किये जायेंगे।दीपोत्सव के दौरान राम नगरी के प्रमुख स्थलों और मार्गों पर 20 अलग-अलग आर्ट इंस्टालेशन (पूर्व निर्मित कलाकृति को निश्चित जगह पर रखना ) बनाए जाएंगे, जो सेल्फी प्वाइंट के रूप में भी होंगे।
रामकथा पार्क में मंच सज्जा,एलईडी स्क्रीन,लाइट और साउंड की अत्याधुनिक व्यवस्था की जायेगी।मुख्य मार्ग पर ही दीपोत्सव की थीम पर तीन भव्य आर्च गेट,दस थीमैटिक गेट, और 100 साइनेज लगाये जायेंगे।
आर्च गेट एक वास्तुशिल्प के रूप में उपयोग किया जा सकता है,जबकि थीमैटिक गेट एक विशिष्ट संदर्भ के लिए बनाए जाने हैं। इसी क्रम में रामरथ की विशेष स्थापना रामकथा पार्क में होगी, जबकि राम की पैड़ी पर पुष्पक विमान और मंच विशेष रूप से बनाया जायेगा।इसी को लेकर फर्म ने जिला प्रशासन से स्थल प्रवेश की अनुमति, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा समन्वय और अस्थायी ढांचों की स्वीकृति मांगी है।
सार्क मीडिया के सौरभ कुमार सिंह व राहुल सिंह का कहना है कि उनका उद्देश्य है कि दीपोत्सव पर एक ऐसा वातावरण तैयार करना है, जो न सिर्फ दृश्य रूप से मनमोहक हो बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप भी हो।
दीपोत्सव 2025 की सज्जा आगंतुकों के लिए अविस्मरणीय होगी, जो उन्हें रोमांचित करती रहेगी। नगर निगम दीपोत्सव की तैयारी में तल्लीन है। इस बार राम की पैड़ी के अलावा शहर को भी नई तकनीकी से सज्जित किया जायेगा-मुकेश पांडेय, जनसंपर्क अधिकारी, नगर निगम अयोध्या।
Author: Mohammed irfan













