Explore

Search

February 16, 2026 5:29 pm

इटावा सफारी पार्क में शेर मनन की तृतीय पुण्यतिथि मनाई गई, स्मृति में पीपल का वृक्ष रोपित

साथ ही, घायल तेंदुए के उपचार और शेरनी रूपा की स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान  

 

इटावा, 13 जून 2025 – इटावा सफारी पार्क में आज दिवंगत बब्बर शेर मनन की तृतीय पुण्यतिथि को भावपूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर सफारी पार्क प्रशासन, कर्मचारियों और वन्यजीव प्रेमियों ने मनन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही, उनकी स्मृति में एक पीपल का वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

 

शेर मनन का योगदान

मनन और उनकी साथी शेरनी कुंवरि को 11 अप्रैल 2014 को इटावा सफारी पार्क में पहली बार लाया गया था। अपने जीवनकाल में मनन ने सिम्बा, सुल्तान, बाहुबली, भारत, रूपा, सोना, केसरी, नीरजा और गार्गी सहित 9 शावकों को जन्म दिया, जो आज भी पार्क की शान हैं। इस मौके पर उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी, हल्द्वानी के 70 वन आरक्षियों को शैक्षिक भ्रमण कराया गया और निदेशक द्वारा मनन सभागार में उनकी यादें साझा की गईं।

घायल तेंदुए का रेस्क्यू और उपचार

प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के तहत, ललितपुर जिले के ग्राम भौंती में एक घायल तेंदुआ बचाव के बाद इटावा सफारी पार्क लाया गया। सफारी पार्क के पशु चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू कर दिया है। यह कार्य प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), उत्तर प्रदेश के निर्देश पर किया गया।

 

शेरनी रूपा का स्वास्थ्य जांच अभियान

इस बीच, पार्क की बब्बर शेरनी रूपा (मनन की संतान) कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थी, जिसका ब्लड सैंपल जांच के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI), बरेली भेजा गया है। पार्क के पशु चिकित्सकों द्वारा उसका नियमित उपचार जारी है।

 

उपस्थित अधिकारीगण

इस कार्यक्रम में सफारी पार्क के बायोलॉजिस्ट बी.एन. सिंह, वन्यजीव चिकित्सक डॉ. रोबिन सिंह यादव, डॉ. शैलेंद्र सिंह, क्षेत्रीय वन अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, शशांक पटेल और अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।

 

इटावा सफारी पार्क का यह प्रयास वन्यजीवों के संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर