Explore

Search

September 21, 2026 6:45 pm

लेटेस्ट न्यूज़

नवीन मंडी पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा, किसानों और मजदूरों से किया सीधा संवाद

इटावा। अपने तीन दिवसीय इटावा दौरे के दौरान एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा तथा पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद और जनपद के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ नवीन मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों, आढ़तियों और खेतिहर मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना और उनसे सीधे संवाद किया।

वार्ता के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा ने कहा कि आज देश में किसानों, खेतिहर मजदूरों और व्यापारियों के सामने उत्पीड़न और आर्थिक संकट की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसानों को उनकी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिलाने का वादा करने वाली सरकार आज अपने ही वादे से मुकर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों का सबसे अधिक शोषण भी इसी सरकार के कार्यकाल में हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों और उपज का उचित मूल्य न मिलने के कारण खेती लगातार घाटे का सौदा बनती जा रही है। सरकार के इस रवैये का नतीजा है कि समृद्ध किसान भी गरीब किसानों की श्रेणी में आ गए हैं और गरीब किसान मजदूरी करने की स्थिति में पहुंच गए हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है, लेकिन उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करने के बजाय उन्हें केवल आश्वासनों के सहारे छोड़ दिया गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा ने कहा कि खेतिहर मजदूरों की स्थिति भी बेहद गंभीर है। उन्हें वर्ष में केवल पांच-छह महीने ही रोजगार मिल पाता है और कई बार सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिलती। ऑफ-सीजन में उन्हें पूरी तरह बेरोजगारी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि कर्ज के जाल में फंसने के कारण कई मजदूर पीढ़ी-दर-पीढ़ी बंधुआ मजदूरी जैसी परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। गरीब मजदूरों में बड़ी संख्या पिछड़े वर्गों से आने वाले लोगों की भी है, जिन्हें सामाजिक असमानता का सामना करना पड़ता है।

इसी क्रम में पीसीसी ऑब्जर्वर प्रकाश प्रधान ने महिला मजदूरों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महिला श्रमिकों को समान कार्य के लिए पुरुषों की अपेक्षा कम मजदूरी मिलने की शिकायतें सामने आती हैं, जिसके कारण उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा अधिनियम को समाप्त किए जाने से मजदूरों के सामने आजीविका का गंभीर संकट पैदा हो गया है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रामकिशन ओझा ने मंडी में मौजूद किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा शोषित और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने का कार्य किया है और आज एक बार फिर जननायक राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ही किसानों, मजदूरों और गरीबों की समस्याओं का समाधान कर सकती है।

उन्होंने लोगों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर