इटावा-श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, लालपुरा से पदविहार करते हुए आचार्य श्री 108 विबुद्ध सागर महाराज जी श्री दिगंबर जैन नवग्रह अहिंसा तीर्थ क्षेत्र, कुनैरा पहुंचे। उनके आगमन पर तीर्थ क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला।आचार्य श्री के स्वागत के लिए क्षुल्लक श्री 105 प्रगुण सागर महाराज जी एवं क्षुल्लक श्री 105 परमानंद सागर महाराज जी मंदिर से बाहर पहुंचकर उनकी अगवानी की। श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ आचार्य श्री का भव्य स्वागत किया।
तीर्थ क्षेत्र पहुंचने के बाद आचार्य श्री ने सर्वप्रथम जिनेंद्र भगवान के दर्शन एवं वंदना की। इसके उपरांत क्षुल्लक प्रगुण सागर महाराज जी एवं क्षुल्लक परमानंद सागर महाराज जी ने आचार्य श्री के चरणों का प्रक्षालन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन नवग्रह अहिंसा तीर्थ क्षेत्र, कुनैरा की मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण में श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।











