Explore

Search

July 26, 2026 5:20 am

लेटेस्ट न्यूज़

वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों का जिलाधिकारी महोदय ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

इटावा 11 जुलाई, 2026-वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत 12 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने हेतु जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (आवासीय परिसर) पर होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सहकारिता विभाग, जे.पी.एस. राठौर मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण स्थल, मंच व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृहद वृक्षारोपण अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जन-जन का अभियान है। उन्होंने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों एवं जनप्रतिनिधियों से अधिकाधिक संख्या में अभियान से जुड़कर पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही हरित एवं स्वच्छ जनपद के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान समाजिक निदेशक वानिकी विकास नायक, उप प्रभागीय वनाधिकारी अंशुमान मित्तल सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर