Explore

Search

April 16, 2026 3:04 pm

रसोई गैस का संकट, बुकिंग बंद होने से हाहाकार; ब्लैक में महंगे दामों पर बिक रहे सिलेंडर

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ, कन्नौज:उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र में इन दिनों रसोई गैस (LPG) को लेकर भारी किल्लत देखी जा रही है। घरेलू गैस की सप्लाई बाधित होने और अचानक बढ़ी मांग के कारण आम जनता के बीच ‘त्राहिमाम’ की स्थिति पैदा हो गई है। हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों पर बुकिंग बंद कर दी गई है, जिससे उपभोक्ता दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
क्षेत्र के उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसियों के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें खाली सिलेंडर वापस ले जाना पड़ रहा है। गैस वितरण केंद्र पर “स्टॉक खत्म” के बोर्ड लगा दिए गए हैं। डिजिटल इंडिया के दौर में जहां सरकार ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा दे रही है, वहीं छिबरामऊ के उपभोक्ता ऐप और फोन के जरिए भी बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं। पोर्टल पर तकनीकी खराबी या ‘नो स्टॉक’ का मैसेज दिखाई दे रहा है।
*दामों में भारी उछाल, कालाबाजारी का बोलबाला*
गैस की इस कृत्रिम किल्लत के बीच बिचौलिये सक्रिय हो गए हैं। आम जनता का कहना है कि निर्धारित सरकारी रेट से 200 से 400 रुपये अधिक वसूले जा रहे हैं, जरूरतमंदों को ब्लैक मार्केट में सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है, होटल और ढाबों पर घरेलू सिलेंडरों का अवैध इस्तेमाल बढ़ने से भी घरेलू उपभोक्ताओं के लिए संकट गहरा गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि घर का बजट पहले ही बिगड़ा हुआ है, ऊपर से गैस न मिलने के कारण चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है।
क्षेत्र में मची इस अफरातफरी के बावजूद स्थानीय प्रशासन और रसद विभाग (Supply Department) की ओर से अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। एजेंसियों के स्टॉक की जांच न होने के कारण कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर