Explore

Search

April 15, 2026 12:19 am

छिबरामऊ में ‘नरकीय’ हालात: नेहरू नगर में नालियां चोक तो त्रिपाठी नगर के नलों से टपक रहा ‘जहर’

अब्दुल्ला अख़्तर
नगर पालिका के दावों की खुली पोल, गंदगी और दूषित जलापूर्ति से महामारी का खतरा, ईओ की चुप्पी से जनता में भारी रोष
छिबरामऊ (कन्नौज)। नगर पालिका परिषद छिबरामऊ के ‘स्वच्छ भारत’ और ‘चौमुखी विकास’ के दावों की जमीनी हकीकत मोहल्लों की सड़कों और घरों के नलों में साफ देखी जा सकती है। क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 (नेहरू नगर) और त्रिपाठी नगर की स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि स्थानीय निवासी अब ‘नरकीय’ जीवन जीने को मजबूर हैं। एक तरफ जहां नालियां पूरी तरह जाम होकर बीमारियों को न्योता दे रही हैं, वहीं दूसरी ओर नलों से बदबूदार और काला पानी आने से लोगों का स्वास्थ्य दांव पर लगा है।
*नेहरू नगर: महीनों से जाम नालियां, गंदा पानी सड़कों पर आने का डर*
नेहरू नगर (वार्ड 9) की स्थिति बद से बदतर है। यहां की नालियां महीनों से साफ नहीं की गई हैं, जिससे वे सिल्ट और कूड़े से ऊपर तक भर चुकी हैं। पूर्व सभासद शब्बीर खान ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो गंदा पानी लोगों के घरों के भीतर घुस जाएगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी महीनों तक क्षेत्र में दिखाई नहीं देते, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
*त्रिपाठी नगर: नलों से आ रहा सीवर जैसा काला पानी, लोग बीमार*
वहीं, त्रिपाठी नगर में पेयजल की स्थिति जानलेवा साबित हो रही है। पिछले एक-दो महीनों से यहां के नलों से आने वाला पानी पूरी तरह काला और बदबूदार है। स्थानीय निवासी कृष्ण प्रताप के अनुसार, पानी इतना दूषित है कि इसे नहाना या कपड़े धोना तो दूर, छूने लायक भी नहीं है। दूषित पानी के सेवन से मोहल्ले के 2-3 लोग बीमार होकर अस्पताल तक पहुंच चुके हैं।
दोनों ही मोहल्लों के निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन और ईओ (अधिशासी अधिकारी) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। त्रिपाठी नगर के मामले में जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बावजूद अभी तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अधिकारियों की इस रहस्यमयी चुप्पी ने स्थानीय लोगों में भ्रष्टाचार और लापरवाही के प्रति भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
नालियों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने से पूरा क्षेत्र दुर्गंध की चपेट में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार विकास की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन छिबरामऊ में जनता बुनियादी सुविधाओं (साफ पानी और सफाई) के लिए भी संघर्ष कर रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर