इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ मंगलवार को सख्त अभियान चलाया गया। आईटीआई चौराहे से लेकर भर्थना चौराहे तक चलाए गए इस अभियान में सड़क किनारे रखे गए अवैध ठेले, तख्त, दुकानों का सामान और अतिक्रमण हटवाकर सर्विस रोड को पूरी तरह खाली कराया गया।
अभियान इंसीडेंट मैनेजर सुनीत चौहान की देखरेख में चलाया गया। इस दौरान थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक शंकरानंद सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई और सख्त चेतावनी दी गई कि आगे से यदि किसी भी प्रकार का सामान सर्विस रोड पर रखा मिला तो संबंधित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध कब्जों के कारण सर्विस रोड पर आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अतिक्रमण हटने के बाद सर्विस रोड पर यातायात सुचारु हो सका और लोगों ने राहत की सांस ली।
इंसीडेंट मैनेजर सुनीत चौहान ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेशानुसार यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
फोटो:-राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण हटवाते हुये।











