Explore

Search

April 15, 2026 12:27 am

किशनी के पास हुआ हादसा, छिबरामऊ के वसीम और सत्तार की मौके पर मौत, आफताब सैफई रेफर।

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में छिबरामऊ के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ के मोहल्ला गणेश चौधरी निवासी मोहम्मद वसीम (34 वर्ष) पुत्र मोहम्मद मतीन, सत्तार (50 वर्ष) पुत्र रज्जाक खान और गिरीशगंज निवासी आफताब उर्फ छोटे (35 वर्ष) पुत्र इकबाल एक शादी समारोह में शामिल होने मैनपुरी के जटपुरा गए थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे जब वे बाइक से वापस छिबरामऊ लौट रहे थे, तभी किशनी-कुसमरा मार्ग पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वसीम और सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क सुनसान होने के कारण काफी देर तक शव वहीं पड़े रहे और वहां से गुजरने वाले अन्य वाहन भी उन्हें कुचलते रहे। घटना की आवाज सुनकर कॉलेज के चौकीदार और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और घायल आफताब को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया।
वसीम के भाई नदीम ने बताया कि वे लोग दो अलग-अलग बाइकों पर थे। महिला साथ होने के कारण नदीम अपनी पत्नी के साथ थोड़ा आगे निकल गए थे। जब काफी देर तक वसीम घर नहीं पहुंचा, तो नदीम ने उसके नंबर पर फोन किया। पुलिस ने फोन उठाकर उन्हें हादसे की जानकारी दी।
वसीम की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर पुलिस ने शिनाख्त की। शुक्रवार को सूचना मिलते ही परिजन सैफई के लिए रवाना हो गए। छिबरामऊ के गणेश चौधरी और ग्रेसीगंज मोहल्ले में इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर