इटावा: जनपद के इकदिल थाना क्षेत्र के कुशगंवा बादशाहपुर स्थित NH-19 के निकट PWD विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला इन दिनों विभागीय सक्रियता के चलते गरमा गया है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कई वर्षों से कुछ लोगों द्वारा सरकारी परमिशन के बिना इस जमीन पर न सिर्फ झोपड़ियां डाल दी गईं, बल्कि महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कर अवैध (कब्जा) को स्थायी रूप देने का प्रयास किया गया।

PWD विभाग ने अब इस अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन और एसडीएम भरथना को पत्र लिखकर सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है।
प्रशासन पर बढ़ा दबाव
गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त न करने के स्पष्ट निर्देश पूरे प्रदेश में जारी हैं। ऐसे में अब सवाल यह है कि क्या इटावा प्रशासन PWD विभाग की इस जमीन पर हुए अवैध कब्जे के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर अमलीजामा पहनाएगा?

फिलहाल विभागीय पत्रों की इस श्रृंखला के बाद अब क्षेत्र में अभियान को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। देखना होगा कि सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने का यह प्रयास धरातल पर कितना सफल होता है।









