Explore

Search

October 27, 2026 9:05 pm

लेटेस्ट न्यूज़

मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे अखिलेश: सैफई पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का सपा प्रमुख पर तीखा हमला

इटावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इटावा दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर जुबानी हमला बोला। सैफई हवाई पट्टी पर उप-मुख्यमंत्री का एयरक्राफ्ट उतरते ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण गुप्ता (अन्नू) समेत बड़ी संख्या में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम का फूलों की पंखुड़ियों और गुलदस्ता भेंट कर जोरदार स्वागत किया।

​स्वागत समारोह के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव इस समय मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं और सत्ता में वापसी का उनका दावा महज एक कल्पना है। अखिलेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर किए जाने वाले पोस्टों पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा प्रमुख खुद मेहनत करने के बजाय अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद लेकर ट्वीट कर रहे हैं।

​इसके साथ ही आजम खान से अखिलेश यादव की हालिया मुलाकात पर प्रहार करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी को मुस्लिम नेताओं की याद आने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करीब देख अखिलेश यादव एक बार फिर तुष्टीकरण की राजनीति पर उतर आए हैं। वहीं, सपा द्वारा लगातार उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दों पर भी डिप्टी सीएम ने करारा पलटवार करते हुए कहा कि अपनी हार से बौखलाई समाजवादी पार्टी अब संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर अनर्गल आरोप लगा रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर