इटावा। उत्तर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा “मोना” के निर्देशानुसार एवं ज़िला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित एवं शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद के नेतृत्व में ज़िला कांग्रेस कार्यालय पर कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक एवं प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में “वोट बचाओ, देश बचाओ” ए.आई.सी.सी ऑब्जर्वर आर.सी. चौधरी एवं पीसीसी ऑब्ज़र्वर प्रकाश प्रधान ने 1 नवंबर 2026 को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जन मार्च एवं महारैली के आवाह्न को लेकर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी ‘INDIA गठबंधन’ ने लोकतंत्र व संविधान की रक्षा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर इस ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम का ऐलान किया है।
दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि उक्त महारैली में कांग्रेस पार्टी ही नहीं बल्कि हर उस हर नागरिक को हिस्सा लेना चाहिए जो वोट डालने का अधिकारी है। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर राज्य में वोट-चोरी करके ही सत्ता में है। इसलिए हमें 1 नवंबर को होने वाले “वोट बचाओ, देश बचाओ” महारैली में अपने सबसे बड़े अधिकार; “मताधिकार” को बचाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों के माध्यम से अपील करते हुए कहा कि आज देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एकमात्र ऐसे नेता है जो इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए दिन-रात संघर्ष कर रहे हैं। इसलिए हम सबको मिलकर उनके साथ खड़ा होना होगा तभी इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाकर देश के आने वाले भविष्य को संवारा जा सकता है।
इसी के साथ ही दोनों नेताओं ने बैठक में सम्मिलित सभी कांग्रेस पदाधिकारियों से आवाह्न किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर अपने शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी जी को अपना समर्थन दें ।
बैठक में सम्मिलित होने वालों में प्रमुख रूप से पूर्व ज़िला अध्यक्ष मलखान सिंह यादव, पूर्व शहर अध्यक्ष पल्लव दुबे,पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष अध्यक्ष अनिल यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रेरणा ज़ुबैरी, पीसीसी मेंबर कोमल सिंह कुशवाहा, पीसीसी मेंबर प्रमोद शंखवार, पीसीसी मेंबर अरुण यादव, पीसीसी मेंबर अरशद अली, ज़िला उपाध्यक्ष संजय दोहरे, सेवादल शहर प्रमुख सरवर अली, आसाराम कठेरिया, अंसार अहमद, तेजस्व शुक्ला, प्रदीप द्विवेदी एवं अमन तिवारी सहित तमाम कांग्रेस जन उपस्थित रहे।
Author: Mohammed irfan













