Explore

Search

September 15, 2026 2:06 am

लेटेस्ट न्यूज़

सीबीएसई पूर्वी जोन के 39 जिलों की प्रादेशिक शूटिंग चैंपियनशिप प्रतिस्पर्धा सुल्तानपुर में संपन्न तीन नन्हीं परियों ने स्वर्ण पदक जीत कर इटावा का परचम लहराया

इटावा, 17 अगस्त। नन्हें नन्हें कोमल हाथों में छह किलो की राइफल और लगातार चार सौ गोलियां चलाने का लक्ष्य, ऊपर से जीतने का जुनून लेकर गईं बेटियां स्वर्ण पदक लेकर लौटीं तो सब झूम उठे। सीबीएसई बोर्ड पूर्वी जोन द्वारा सुल्तानपुर में आयोजित 14 वर्ष से कम की बालिकाओं की,10 मीटर एयर राइफल पीप साइट टीम प्रतिस्पर्धा में पूर्वी यूपी के 39 जिलों के लगभग 700 प्रतिभागियों में सेंट मैरी कॉलेज इटावा की तीन नन्ही परियों ने गोल्ड मेडल जीत कर इटावा का नाम रोशन कर दिया।

इनमें तेरह वर्षीय गौरी श्रीवास्तव में व्यक्तिगत प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल करने के साथ साथ सेंट मैरी कॉलेज टीम में भी स्वर्ण पदक हासिल करने वालों में जगह बनाई। इस प्रकार इस टीम में तेरह वर्षीय कु० गौरी श्रीवास्तव को 390 अंक, ग्यारह वर्षीय कु० वागीशा शर्मा को 371अंक, और बारह वर्षीय श्रव्या तिवारी को 357 अंक प्राप्त हुए। इन तीनों ने दिए गए चार सौ शॉट के लक्ष्य में से सफल शॉट लगाकर उपरोक्त अंक अर्जित किए और संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाते हुए सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर उसके लिए खुद को दावेदार बना लिया। अब इन तीनों के भीतर नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतिस्पर्धा में अपना हुनर दिखाने की बेसब्री अभी से नज़र आने लगी है। इसी तरह सुदिती ग्लोबल की कु तान्या चौहान ने व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धी के रूप में 372 अंकों का स्कोर अर्जित कर प्रशंसनीय प्रदर्शन किया।

फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एकलव्य शूटिंग अकादमी के निदेशक राहुल तोमर और प्रशिक्षक सौरभ शाक्य ने अपने संस्थान से प्रशिक्षित गौरी श्रीवास्तव, तान्या चौहान और वागीशा शर्मा को इस उपलब्धि अर्जित कर संस्थान को गौरवान्वित करने के लिए उनके घर जाकर बधाई दी। जबकि कु० श्राव्या तिवारी का प्रशिक्षण कुनेरा स्थित एस सी ए शूटिंग अकादमी में उनके पिता और कोच चन्द्र मोहन तिवारी ने किया था।

ज्ञातव्य है कि 8 से 11अगस्त तक सुल्तानपुर जिले के प्रयागीपुर स्थित मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल में आयोजित इस प्रादेशिक शूटिंग प्रतियोगिता में केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए बने ‘ईस्ट जोन’ के अंतर्गत कुल 39 जिले हैं जो क्लस्टर IV और क्लस्टर V में विभाजित कर शामिल किए गए हैं। क्लस्टर IV के लखनऊ रीज़न में गोंडा, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, झांसी, लखनऊ, बाराबंकी, इटावा, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, ललितपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, महोबा, बलरामपुर, श्रावस्ती, कन्नौज, रायबरेली, बांदा, फतेहपुर, औरैया तथा क्लस्टर V के इलाहाबाद/प्रयागराज क्षेत्र) में इलाहाबाद (प्रयागराज), वाराणसी, फैजाबाद/अयोध्या, गोरखपुर, गाजीपुर, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, बस्ती, देवरिया, सुल्तानपुर, मऊ तथा अन्य निकटवर्ती जिले आते है। इस प्रकार 39 जिलों के लगभग 700 प्रतिभागियों में इटावा की तीन नन्ही परियों ने गोल्ड मेडल जीत कर इटावा का नाम रोशन किया और अपने कॉलेज तथा अपने अपने शूटिंग संस्थान को गौरवान्वित किया है, जिसके लिए उनके प्रशिक्षकों और परिवारों को भी बधाइयां मिल रही हैं।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर