Explore

Search

August 2, 2026 6:10 pm

थाना जसवंतनगर की मिशन शक्ति टीम ने महिला एवं उसके लगभग 02 वर्षीय बच्चे को सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया

“मिशन शक्ति” अभियान के तहत इटावा पुलिस की तत्परता

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा उन्हें आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में आज दिनांक 02.08.2026 को थाना जसवंतनगर की मिशन शक्ति टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण एवं महिला सुरक्षा संबंधी चेकिंग के दौरान एक महिला अपने लगभग 02 वर्षीय बच्चे के साथ सड़क किनारे घूमती हुई मिली।

मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला से सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह जनपद मैनपुरी के थाना क्षेत्र की निवासी है तथा अपने पति के साथ निवास करती है। महिला ने बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म *इंस्टाग्राम* के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। उक्त व्यक्ति द्वारा उसे विभिन्न प्रकार की बातों एवं प्रलोभनों में लेकर घर से बाहर बुलाया गया, जिसके बहकावे में आकर वह अपने छोटे बच्चे के साथ घर से निकल आई थी।

महिला द्वारा बताए गए पते एवं उसके पति के मोबाइल नंबर के आधार पर मिशन शक्ति टीम द्वारा उसके पति से दूरभाष पर संपर्क किया गया। महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ घर से कहीं चली गई थी, जिसके संबंध में उसके द्वारा थाना किशनी, जनपद मैनपुरी में गुमशुदगी के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया है।

पूछताछ के दौरान महिला के पति द्वारा यह भी बताया गया कि पत्नी के घर से चले जाने के उपरांत किसी अज्ञात व्यक्ति ने उससे संपर्क कर उसकी पत्नी के अपहरण होने की बात कहते हुए उसे छुड़ाने के नाम पर ₹20,000 की धनराशि की मांग की थी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला एवं उसके पति को अवगत कराया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अज्ञात व्यक्ति द्वारा महिला को बहला-फुसलाकर घर से बुलाना तथा उसके उपरांत धनराशि की मांग किया जाना साइबर ठगी का संभावित मामला* प्रतीत होता है। दोनों पक्षों को साइबर अपराधियों के झांसे में न आने, किसी अज्ञात व्यक्ति को धनराशि न देने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपरिचित व्यक्तियों से संपर्क करते समय विशेष सावधानी बरतने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं समझाइश दी गई।

तत्पश्चात मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला एवं उसके लगभग 02 वर्षीय बच्चे की सुरक्षा एवं सकुशलता सुनिश्चित करते हुए उन्हें उनकी जेठानी मीरा देवी पत्नी शीतल प्रसाद, निवासी यादव नगर, जसवंतनगर, जनपद इटावा के सुपुर्द कर आवश्यक पुलिस सहायता प्रदान की गई।

इटावा पुलिस आपकी सुरक्षा एवं सहायता हेतु 24×7 तत्पर है। किसी भी आपात स्थिति अथवा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर