सीसीटीवी फुटेज और एसओजी की मदद से तालग्राम पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी; चोरी के गहने, नगदी और बोलेरो बरामद
अब्दुल्ला अख्तर
छिबरामऊ।
तहसील क्षेत्र के थाना तालग्राम और SOG/सर्विलांस की संयुक्त पुलिस टीम ने अमोलर स्थित एक ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर आए शातिर चोरों के अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों (तीन महिलाएं और एक पुरुष) को चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषणों, घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी और नगदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। यह कामयाबी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में मिली है।
थाना तालग्राम क्षेत्र के ग्राम अमोलर में स्थित ‘पटेल ज्वेलर्स’ के संचालक विवेक पटेल (पुत्र वीरेन्द्र पटेल, निवासी ढिपारा) ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि बीती 9 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे उनकी दुकान पर दो महिलाएं और एक पुरुष ग्राहक बनकर आए थे। तीनों ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को अपनी बातों में उलझा लिया। इसी बीच महिलाओं ने नजर बचाकर दुकान से 01 जोड़ी सोने के टॉप्स (वजन लगभग 2.5 ग्राम), 01 सोने का डबल पेंडल (वजन लगभग 2.5 ग्राम), 01 जोड़ी सोने के कुण्डल (वजन लगभग 2.5 ग्राम), 01 जोड़ी चांदी की तोड़िया (वजन लगभग 150 ग्राम) चोरी कर लिए और रफूचक्कर हो गए।
ज्वेलर को जब चोरी की भनक लगी, तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपियों की यह करतूत साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना तालग्राम में मुकदमा अपराध संख्या 99/2026 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत दो अज्ञात महिलाओं और एक अज्ञात पुरुष के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे के लिए लगाई गई तालग्राम पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने घेराबंदी कर इस अंतर्जनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सिराज, रिंकी उर्फ पिंकी, छुन्ना देवी, ऊषा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सारा सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है जिनमें चोरी गए सभी गहने (सोने के टॉप्स, डबल पेंडल, सोने के कुण्डल और चांदी की तोड़िया), घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी (नंबर: UP 32 PT 8309), 03 अदद मोबाइल फोन और ₹5,020 की नगदी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी (विधिक) कार्यवाही की जा रही है। इस त्वरित खुलासे से स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस टीम की सराहना की है।











