मदारपुर गांव के आरोपी राधेश्याम वर्मा पर दो अलग-अलग वेल्डिंग दुकानदारों की मजदूरी डकारने, मारपीट करने और जबरन वेल्डिंग मशीनें छीनने का गंभीर आरोप
अब्दुल्ला अख्तर
छिबरामऊ (कन्नौज): स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मदारपुर में एक ही दबंग आरोपी द्वारा वेल्डिंग का काम करने वाले सीधे-साधे कारीगरों को अपना शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपी पहले तो कारीगरों को अच्छे दाम का लालच देकर अपने घर पर लोहे का गेट लगाने के लिए बुलाता है, और बाद में काम पूरा हो जाने पर मजदूरी देने के बजाय गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देकर उनकी कीमती वेल्डिंग मशीनें व औजार छीन लेता है। पिछले दो दिनों के भीतर ऐसे दो अलग-अलग मामले सामने आने के बाद क्षेत्र के वेल्डिंग कारीगरों में भारी आक्रोश व्याप्त है। दोनों ही पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी मशीनें वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पंकज शर्मा के औजार और मशीन बंधक बनाए
मोहल्ला ग्रेसीगंज (छिबरामऊ) निवासी पंकज शर्मा पुत्र रमेश चंद्र शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपी राधेश्याम वर्मा ने उनकी दुकान पर आकर एक लोहे का गेट बनवाया था। गत 12 जुलाई को दोपहर करीब 1 बजे जब वह अपनी लेबर के साथ गेट लगाने मदारपुर पहुंचा, तो आरोपी ने जबरन 300 मीटर दूर पोल से अवैध बिजली लाइन खींचने का दबाव बनाया। पंकज द्वारा मना करने पर आरोपी और उसके दो बेटों ने गाली-गलौज कर उनके सारे औजार घर में बंद कर दिए। शाम को दोबारा जाने पर आरोपी ने गाली-गलौज व मारपीट करते हुए पंकज शर्मा की कीमती वेल्डिंग मशीन जबरन छीन ली। पीड़ित जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर वहां से भागा।
मुकीम की मजदूरी मारी, रोजी-रोटी का साधन छीना
अभी पुलिस पंकज शर्मा के मामले की जांच ही कर रही थी कि अगले ही दिन ठीक इसी प्रकार की वारदात को उसी आरोपी ने दोबारा अंजाम दे डाला। सोमवार, 13 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9 बजे ग्राम मदारपुर के इसी आरोपी राधेश्याम वर्मा ने ऊँचा नई बस्ती (छिबरामऊ) निवासी मुकीम पुत्र मुन्ना को गेट चढ़ाने के बहाने अपने घर बुलाया। मुकीम अपनी वेल्डिंग मशीन और तमाम औजारों के साथ राधेश्याम के घर पहुंचा और पूरी लगन से उसका गेट फिट कर दिया।
पीड़ित मुकीम ने बताया कि जब उसने काम पूरा होने के बाद अपनी तयशुदा मजदूरी के 3000 रुपये मांगे, तो आरोपी पैंतरा बदलने लगा और जबरन गेट पर प्राइमर (पुताई) करने की शर्त थोपने लगा। मुकीम ने जब कहा कि वह पुताई का काम नहीं जानता, तो आरोपी राधेश्याम और गांव के दो अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया। दबंगों ने मुकीम को भद्दी-भद्दी गालियां दीं, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और उसकी रोजी-रोटी का इकलौता साधन यानी उसकी वेल्डिंग मशीन छीनकर उसे बिना मजदूरी दिए वहां से भगा दिया।
दोनों ही घटनाओं में एक बात पूरी तरह समान है—आरोपी राधेश्याम वर्मा का काम कराने का शातिर ढंग। वह जानबूझकर काम पूरा होने के बाद कारीगरों से बेतुका विवाद खड़ा करता है ताकि उसे पैसे न देने पड़ें और वह उनकी मशीनें व औजार हड़प सके। पीड़ितों का कहना है कि वेल्डिंग मशीन ही उनकी आजीविका का एकमात्र साधन है, जिसके छिन जाने से उनके परिवारों के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया है।
इस संबंध में पीड़ितों ने शिकायती पत्र छिबरामऊ कोतवाली में दिया, पुलिस ने दोनों प्रार्थना पत्रों को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। चौकी इंचार्ज सिकंदरपुर गजेन्द्र पाल ने कहा इस मामले की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे शातिर और दबंग प्रवृत्ति के आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और गरीब कारीगरों के औजार बरामद कराए जाएं।











