अधिशाषी अधिकारी को सौंपा 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन; समस्याओं का जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
अब्दुल्ला अख्तर
छिबरामऊ: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) किसान के कन्नौज जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला के नेतृत्व में आज आधा सैकड़ा से अधिक किसानों ने नगर पालिका परिषद छिबरामऊ का जोरदार घेराव किया। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत व्याप्त विभिन्न गंभीर जनसमस्याओं को लेकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन और नारेबाजी की सूचना मिलते ही नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी (ईओ) अजय कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला एवं वरिष्ठ किसान नेताओं के साथ उनकी लंबी वार्ता हुई। वार्ता के पश्चात किसानों ने नगर की विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन अधिशाषी अधिकारी को सौंपा और उनसे अविलंब ठोस कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख 11 सूत्रीय मांगें हैं कि माली वाली गली की सड़क के निर्माण में हुई अनियमितता को लेकर की गई शिकायत पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए, आवास विकास में सीवर कुआँ से सुभाष अकादमी स्कूल तक तथा पानी की टंकी से राज्यमंत्री कैलाश राजपूत जी के आवास तक नए मार्ग का निर्माण कराया जाए, नगर में जगह-जगह हुए स्थाई अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका ठोस और कड़े कदम उठाए, नगर में दिन के समय लगने वाले भीषण जाम के जिम्मेदार बड़े व्यावसायिक वाहनों की ‘नो एंट्री’ कड़ाई से लागू की जाए, ठिलिया वाले फेरी दुकानदारों के सुचारू संचालन के लिए अलग से वेंडिंग जोन का निर्माण किया जाए, शहर की टूटी सड़कों व क्षतिग्रस्त नालियों की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए, कूड़े को गली-गली से एकत्रित करने वाले छोटे वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए जिससे पतली और संकरी गलियों से भी कूड़ा आसानी से उठाया जा सके, वार्ड शास्त्रीनगर में नगर पालिका के सरकारी हैंडपंप में सबमर्सिबल डालकर लोग निजी उपयोग में ले रहे हैं, जिन्हें चिन्हित कर तुरंत कब्जा मुक्त कराया जाए, बहबलपुर क्षेत्र में सफाई और पानी की बदहाल व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए, ताजपुर रोड पर हैंडपंप और वाटरकूलर न होने से राहगीरों व स्थानीय लोगों को पेयजल की समस्या बनी रहती है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई की जाए, शहर के मुख्य मार्ग पर बीचों-बीच लगे बिजली के पोल को किनारे शिफ्ट किया जाए जिससे सड़क का पूरा उपयोग हो सके और दुर्घटनाएं रुकें।
जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि उपरोक्त जनसमस्याओं का जल्द से जल्द समाधान नहीं किया गया तो हमारा संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता डॉ. रजनीश दुबे, प्रदेश महासचिव ऋषि चौहान, सौरभ यादव, जिला महासचिव आनंद तिवारी, तहसील अध्यक्ष शांतनु यादव, टीटू ठाकुर, गोपाल पाठक, जीतू शर्मा, अखिलेश शाक्य, अनिल नायक, शैलेंद्र सिंह, आनंद शुक्ला, तरुण त्रिपाठी, राजन शैलेंद्र चौहान, सुरजीत नायक आदि प्रमुख कार्यकर्ता व किसान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।











