Explore

Search

July 26, 2026 9:37 am

लेटेस्ट न्यूज़

छिबरामऊ कोतवाली से चोरी का आरोपी फरार, इलाके में हड़कंप; पुलिस और पीड़ित के दावों में उलझा मामला

अब्दुल्ला अख़्तर
सीसीटीवी में कैद हुई थी भगवंतपुर निवासी युवक की चोरी की करतूत
दुकानदार का आरोप- पुलिस कस्टडी से भागा आरोपी, पुलिस बोली- ‘आरोपी को लाया ही नहीं गया था’
छिबरामऊ (कन्नौज)। जनपद के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में चोरी के एक आरोपी के भागने को लेकर पुलिस प्रशासन और पीड़ित दुकानदार के बीच विरोधाभासी बयान सामने आए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नकटपुर निवासी शिवांग अग्निहोत्री गांव में ही किराने की दुकान चलाते हैं। बीते दिनों ग्राम भगवंतपुर निवासी एक युवक उनकी दुकान में घुस गया और गल्ले (गोलक) से रुपए चोरी कर लिए। युवक की यह पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
*पुलिस कस्टडी से भागने का आरोप, मची खलबली*
घटना के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। हल्का नंबर चार के इंचार्ज दयाशंकर पाण्डेय के मुताबिक, आरोपी शराब के नशे में पूरी तरह धुत्त था, जिसे डायल 112 पुलिस पकड़कर कोतवाली लाई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुख्ता सबूत (सीसीटीवी फुटेज) होने के बावजूद पुलिस की शिथिलता के कारण आरोपी पुलिस कस्टडी से चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस अभिरक्षा से मुल्जिम के भागने की खबर फैलते ही महकमे में खलबली मच गई।
कपिल दुबे, प्रभारी निरीक्षक ने कहा पुलिस कस्टडी से फरार होने की बात पूरी तरह गलत है। शिकायतकर्ता शिवांग अग्निहोत्री स्वयं आरोपी को पकड़कर कोतवाली लाए थे, लेकिन उसके बाद वह (आरोपी) वहां से चला गया। मामले की जांच की जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित दुकानदार शिवांग अग्निहोत्री ने छिबरामऊ कोतवाली में लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर ग्राम भगवंतपुर निवासी फरार आरोपी युवक की लगातार तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर