भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 11:30 बजे जेस्सोर रोड के दोहारिया इलाके के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 11:30 बजे जेस्सोर रोड के दोहारिया इलाके के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।पुलिस के अनुसार, चंद्रनाथ रथ स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान रथ को सीने और सिर में गंभीर चोटें लगीं।घटना के तुरंत बाद उन्हें पास के एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर समेत दो अन्य लोग भी घायल हो गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।वारदात की सूचना मिलते ही सुवेंदु अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस हमले को राजनीतिक साजिश करार देते हुए राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित हमले का प्रतीत हो रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।











