इटावा। भारत विकास परिषद धर्मार्थ सेवा शाखा इटावा के द्वारा पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी परिषद के जल सेवा प्रकल्प के तहत शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में लोगों को इस भीषण गर्मी में शुद्ध शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु “निःशुल्क प्याऊ” का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जिला अस्पताल के सीएमएस (पु) डा. पारितोष शुक्ला एवं सीएमएस (महिला) डा. अनिल कुमार ने द्वीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता व स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्पार्पण कर धर्मार्थ सेवा शाखा द्वारा जिला अस्पताल में प्रतिवर्ष की जा रही जल सेवा की दिल खोलकर सराहना की और परिषद के प्रति कृतज्ञता जताई। उन्होंने अपने हाथ से लोगों को जल पिला और पेठा मिष्ठान खिलाकर जल सेवा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर शाखा के अध्यक्ष हरिदत्त दीक्षित ने अतिथियों समेत सभी सहयोगियों का स्वागत किया और बताया कि इस वर्ष भी हमारी शाखा की तरफ से जिला अस्पताल में एक मई से तीस जून तक के लिए तीसरी जल सेवा आरम्भ की गई है। पांचाल प्रांत के गतिविधि सेवा संयोजक केके त्रिपाठी ने भारत विकास परिषद के पांच सूत्रों संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण के बारे में संक्षिप्त परिचय दिया।
शाखा के संस्थापक सदस्य राजेंद्र कुमार दीक्षित ने कहा कि जिला अस्पताल में प्रतिदिन हजारों लोग, जिनमें अधिकांश ग्रामीणजन होते हैं, यहां आते हैं, इसलिए यहां जल सेवा करने का संकल्प लिया गया। उन्होंने कहा कि गत वर्ष सीएमएस साहब के आग्रह पर पंद्रह जुलाई तक जल सेवा बढ़ाई गई थी, इस वर्ष भी गर्मी की स्थिति को देखते हुए इसे पंद्रह दिन से एक माह तक के लिए बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अपनी तरफ से एक माह की जल सेवा का खर्च वहन करने की घोषणा की।
जल सेवा के संयोजक अशोक कुमार श्रीवास्तव एवं रामौतार शर्मा ने सीएमएस का अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया। शाखा के महासचिव महेश कुमार बाथम ने प्रतीक चिन्ह दिए। कार्यक्रम का संचालन आचार्य महेश चंद्र तिवारी ने किया। इस अवसर पर प्रांतीय सदस्य श्रीमती रीना राठौर, शाखा की महिला संयोजिका श्रीमती सरिता चतुर्वेदी, घनश्याम तिवारी, महेश चंद्र तिवारी अलकापुरी, अवधेश कुमार, कृष्ण कुमार यादव, राजनरायन चौधरी, उमेश सिंह चौहान, अरविंद कुमार पोरवाल, कौशल चंद्र चतुर्वेदी, विनोद त्रिपाठी, मुजफ्फर अली लड्डन, ओम बाथम, दिनेश राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे।











