Explore

Search

July 26, 2026 8:21 am

लेटेस्ट न्यूज़

जिला अस्पताल में गार्ड्स की जांबाजी: फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा बाइक चोर

इटावा ​जिला अस्पताल परिसर में चोरी की नियत से घुसे शातिर चोरों के मंसूबों पर सुरक्षाकर्मियों ने पानी फेर दिया। अस्पताल की सुरक्षा में तैनात पुष्पेंद्र, शिवेंद्र प्रताप और शौकीन सिंह की सतर्कता के कारण न सिर्फ बाइक चोरी होने से बच गई, बल्कि भाग रहे चोरों को जवानों ने लोहे के चने चबवा दिए। जैसे ही चोरों ने बाइक पर हाथ साफ करने की कोशिश की, वैसे ही इन मुस्तैद जवानों की नजर उन पर पड़ गई। पकड़े जाने के डर से चोर वहां से उलटे पांव भाग खड़े हुए, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने हार नहीं मानी।

​सैनिक कल्याण निगम के इन बहादुर जवानों ने चोरों का पीछा करना शुरू किया और करीब आधा किलोमीटर तक सरपट दौड़ लगाई। भागम-भाग के बीच डीएम चौराहे पर जवानों ने अपनी सक्रियता दिखाते हुए एक चोर को दबोच लिया, हालांकि इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी बच निकलने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपी को तुरंत सिविल लाइन्स पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जो अब उससे पूछताछ कर फरार साथी का सुराग लगाने में जुटी है। जवानों के इस साहसिक कार्य और तत्परता की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। इस बहादुरी से गदगद होकर सीएमएस पारितोष शुक्ला ने घोषणा की है कि जल्द ही इन जांबाज जवानों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर