Explore

Search

April 15, 2026 12:34 am

स्मार्ट मीटर पर संग्राम: भाकियू (अराजनैतिक) ने दी चक्का जाम की चेतावनी, बिजली विभाग में मचा हड़कंप

अब्दुल्ला अख़्तर छिबरामऊ
छिबरामऊ (कन्नौज): उत्तर प्रदेश के जनपद कन्नौज में प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर छिड़ा विवाद अब बड़े आंदोलन की शक्ल अख्तियार कर चुका है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले किसानों और आम जनता ने इन मीटरों को ‘शोषण का यंत्र’ बताते हुए बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने दो टूक शब्दों में प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि प्रीपेड व्यवस्था को हटाकर पुरानी पोस्टपेड व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो पूरा जनपद उग्र आंदोलन की आग में झुलसेगा।

‘जनता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं’: जिलाध्यक्ष नीरज भाटिया

ज्ञापन सौंपने के दौरान भाकियू (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष नीरज भाटिया ने प्रशासन पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर जनता के लिए ‘जी का जंजाल’ बन चुके हैं। किसानों का आरोप है कि ये मीटर न केवल तकनीकी रूप से दोषपूर्ण हैं, बल्कि आर्थिक रूप से भी उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डाल रहे हैं।
आंदोलनकारियों ने बताया बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है, जिससे खेतों में सिंचाई ठप है और छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है, रिचार्ज करने के बावजूद घंटों बिजली नहीं आती। विभाग का सर्वर अक्सर डाउन रहता है, जिससे लोग अंधकार में रहने को मजबूर हैं, उपभोक्ताओं को बिलिंग की प्रक्रिया समझ नहीं आ रही है, जिससे बिजली बिलों में भारी गड़बड़ी और आर्थिक शोषण की आशंका बनी हुई है।
बिजली घर घेराव और चक्का जाम की धमकी
यूनियन ने अधिशासी अभियंता के माध्यम से जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। संगठन ने स्पष्ट किया कि वे संवाद में विश्वास रखते हैं, लेकिन किसानों और आम जन का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा, “प्रशासन जल्द राहत दे, वरना हम चक्का जाम और बिजली घरों के अनिश्चितकालीन घेराव के लिए मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और बिजली विभाग की होगी।”

अधिकारियों ने दिया आश्वासन, 20 दिन का अल्टीमेटम

हंगामे की सूचना मिलते ही एचसीएन बिजली विभाग और एसडीओ छिबरामऊ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित किसानों को शांत कराने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि सभी तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
लंबी बातचीत के बाद, किसान संगठन ने प्रशासन को 20 दिन का समय दिया है। किसानों ने साफ कर दिया है कि यदि इस अवधि के भीतर समस्याओं का ठोस समाधान नहीं हुआ, तो एक विशाल आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान • जिला नेतृत्व से जिलाध्यक्ष नीरज भाटिया, कार्यकारिणी जिलाध्यक्ष मुशर्रफ ख़ान, जिला महासचिव पंडित जितेंद्र शर्मा व सुधीर यादव, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोनू कौशल, जिला उपाध्यक्ष कन्नौज रामपाल शाक्य, विजय यादव व विकास राजपूत।
संरक्षक मंडल से जिला संरक्षक पप्पन प्रधान, रक्षकपाल सिंह दरोगा जी और रामनरेश यादव, ब्लॉक एवं नगर नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्ष छिबरामऊ विकास कुमार, नगर अध्यक्ष छिबरामऊ रेहान अहमद, नगर अध्यक्ष सिकंदरपुर सतपाल, ब्लॉक अध्यक्ष तालग्राम सरवन राजपूत, अन्य पदाधिकारी तहसील उपाध्यक्ष नेहाल खान, विधिक सलाहकार दाऊद व अदनान, जिला संगठन मंत्री अनिल राठौड़, नगर महासचिव छिबरामऊ समसुल उर्फ पप्पू, वरिष्ठ नगर उपाध्यक्ष छिबरामऊ इमरान अजीज।
ग्राम स्तर से ग्राम अध्यक्ष (चांदपुर) रोहित राजपूत, ग्राम अध्यक्ष (कुंडवापुर) विजेंद्र सिंह, ग्राम अध्यक्ष (पुरामभोज) विपिन राजपूत।
इसके अलावा योगेश कुमार, समीर सिद्दीकी, महेंद्र शाक्य, रविंद्र कुमार, कृष्णकांत सहित भारी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
छिबरामऊ में बिजली विभाग के खिलाफ उपजा यह आक्रोश अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अब देखना यह होगा कि विभाग 20 दिनों के भीतर इन तकनीकी खामियों को दूर कर पाता है या कन्नौज की सड़कें किसानों के चक्का जाम की गवाह बनेंगी।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर