Explore

Search

April 14, 2026 8:51 pm

दबंगों की नीयत में खोट, दुकान कब्जाने की कोशिश के खिलाफ मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार

रिपोर्ट शिवम दुवे

इटावा थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालियर बाईपास रोड पर स्थित एक दुकान को लेकर विवाद गहरा गया है। क्षेत्र के गांव उदई मोजा कांधनी निवासी वेदपाल पुत्र भगवान दास ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भेजकर अपनी जान-माल की सुरक्षा और संपत्ति को भू-माफियाओं से बचाने की अपील की है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दबंग व्यक्ति उनकी जायज संपत्ति पर अवैध तरीके से कब्जा करने की फिराक में हैं और इसके लिए उन्होंने दुकान के सामने से ईंटें लगवाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया है।

​मामला लोहन्ना चौराहा स्थित जेके भट्ठे के सामने बनी 10×10 वर्ग फुट की एक पक्की दुकान से जुड़ा है। पीड़ित वेदपाल ने बताया कि उन्होंने यह दुकान 9 मई 2025 को वंदना (पत्नी स्वर्गीय दशरथ सिंह) से विधिवत बैनामा कराकर खरीदी थी। तब से वे पिछले चार महीनों से वहां परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, विक्रेता वंदना के पति तीन भाई थे और करीब पांच साल पहले उनके बीच घरेलू बंटवारा आपसी सहमति से हो चुका था, जिसमें यह दुकान वंदना के पति के हिस्से में आई थी, जबकि उनके जेठ रामसेवक और विशुन दयाल को पीछे का हिस्सा मिला था।

​विवाद तब शुरू हुआ जब गांव के ही दबंग रविंद्र सिंह और लक्ष्मीकांत ने वंदना के जेठों के साथ मिलकर एक कथित साजिश रची। आरोप है कि इन दबंगों ने इस शर्त पर पीछे की जमीन का बैनामा कराया कि वे गुंडागर्दी के बल पर वेदपाल की खरीदी हुई आगे वाली दुकान पर भी कब्जा कर लेंगे। अब ये लोग आए दिन दुकान के सामने अवरोध पैदा कर रहे हैं और पीड़ित को वहां से हटने के लिए मजबूर कर रहे हैं। दबंगों की इस हरकत से डरे-सहमे पीड़ित ने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें भू-माफियाओं के आतंक से मुक्ति दिलाई जाए और उनकी संपत्ति को कब्जा मुक्त रखते हुए सुरक्षा प्रदान की जाए।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर