Explore

Search

July 29, 2026 12:50 pm

लेटेस्ट न्यूज़

बीमार बेटी के इलाज के लिए बढ़ाया मदद का हाथ, पूर्व विधायक ताहिर हुसैन को दिए लखनऊ भेजने के निर्देश

अब्दुल्ला अख़्तर
छिबरामऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और ‘कार्यकर्ता सर्वोपरि’ की भावना का परिचय दिया है। छिबरामऊ के पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी द्वारा एक बीमार बेटी की मदद की खबर जब पार्टी आलाकमान तक पहुँची, तो अखिलेश यादव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बच्ची को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजने का निर्देश दिया।
समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष आफाक खान की सुपुत्री लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। आर्थिक तंगी के कारण इलाज में आ रही बाधा की जानकारी जैसे ही पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी को मिली, उन्होंने अस्पताल पहुँचकर न केवल आर्थिक जिम्मेदारी उठाई, बल्कि परिवार को ढांढस भी बंधाया।
इस मानवीय कार्य की सूचना जब लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय पहुँची और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मामले की गंभीरता का पता चला, तो उन्होंने तुरंत ताहिर हुसैन सिद्दीकी से संपर्क किया। अखिलेश यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्ची के इलाज में कोई कोताही न बरती जाए। उसे तत्काल लखनऊ मेडिकल कॉलेज शिफ्ट किया जाए, जहाँ उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के जरिए उसका सर्वश्रेष्ठ उपचार सुनिश्चित कराया जा सके।
अखिलेश यादव के निर्देश मिलते ही ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने बच्ची को बेहतर स्वास्थ्य सेवा दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। ताहिर हुसैन ने कहा कि समाजवादी पार्टी एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक परिवार है, जहाँ मुखिया अपने हर सदस्य के दुख-दर्द का ख्याल रखता है।
पूर्व विधायक ने मुज़फ़्फ़र, अकील प्रधान , पिंटू यादव और अचल यादव एवं अन्य साथियों के साथ मिलकर परिवार को आश्वस्त किया कि अब बेटी की जिम्मेदारी पूरी तरह से पार्टी और उनके कंधों पर है, राष्ट्रीय अध्यक्ष के हस्तक्षेप और पूर्व विधायक की जमीनी सक्रियता को देखकर जनपद कन्नौज क्षेत्र की जनता गदगद है। लोग कह रहे हैं कि मुश्किल वक्त में अपनों का साथ देना ही असली समाजवाद है।
जहाँ एक ओर पूर्व विधायक ताहिर हुसैन सिद्दीकी ने मौके पर पहुँचकर जिम्मेदारी संभाली, वहीं अखिलेश यादव के निर्देश ने इस मुहिम को और मजबूती दे दी है। इस कदम से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और विपक्षी गलियारों में भी सपा की इस ‘सेवा की राजनीति’ की चर्चा हो रही है।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर