इटावा, 13 मार्च 2026: जनपद इटावा के आगरा-कानपुर हाईवे पर स्थित फौजी ढाबा पर लूट, मारपीट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 48 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व और अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस ने घटना में शामिल चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
· गिरफ्तार अभियुक्त: चार, सभी लुधियाना (पंजाब) के निवासी
· बरामदगी: ₹16,000 नगद, लूटा गया मोबाइल, कुल्हाड़ी, 07 जिंदा कारतूस (.315 बोर) और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार
· गिरफ्तारी का स्थान: जौनई फार्म के पास, हाईवे किनारे
· पुलिस टीम: थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम
बीती 10 मार्च की रात करीब 9 बजे चार हथियारबंद बदमाश फौजी ढाबा (मलाजनी) पहुंचे। खाना पैक कराने के बाद जब पैसे मांगे गए तो उन्होंने तलवार, फरसा और लोहे की रॉड से वादी राजीव कुमार और ढाबा कर्मचारियों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, गद्दी से नगदी और एक मोबाइल फोन लूट लिया तथा वादी की लाइसेंसी रायफल और कारतूस भी छीन लिए। भागते समय पीछा कर रहे वादी पर फायर कर जान से मारने की कोशिश की गई।

12/13 मार्च की रात को कुरसैना पर चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश स्कॉर्पियो के साथ जौनई फार्म के पास छिपे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और चारों अभियुक्तों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे पटना साहिब गुरुद्वारे से दर्शन कर लुधियाना लौट रहे थे। इटावा के पास ढाबे पर खाने और पैसे को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट तक पहुंच गया। गुस्से में उन्होंने ढाबा मालिक की रायफल और नगदी छीन ली। पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे तोड़े और भागते समहत रायफल से फायर किया। रायफल को हाईवे किनारे फेंक दिया गया, जिसे पुलिस खोज रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तगण:
1. हरप्रीत सिंह पुत्र गुरुनाम सिंह, निवासी गली नं. 8, गोविन्द नगर शिमलापुरी, लुधियाना (उम्र 47 वर्ष)
2. प्रीत सिंह पुत्र सुखवेन्द्र सिंह, निवासी मढै की चक्की, शिमलापुरी, लुधियाना (उम्र 25 वर्ष)
3. जगदीप सिंह पुत्र सरदार सेवक सिंह, गली नं. 4 शिमलापुरी, लुधियाना (उम्र 38 वर्ष)
4. हरजिंदर सिंह पुत्र सरदार संतराम सिंह, निवासी इस्लामगंज कुष्ठ आश्रम, लुधियाना (उम्र 50 वर्ष)
पंजीकृत अभियोग:
मु0अ0सं0 57/26, धारा 109, 309(6), 317(2), 324(4) बीएनएस थाना जसवंतनगर
· ₹16,000 नगद· 01 क्षतिग्रस्त वीवो मोबाइल फोन· 01 कुल्हाड़ी· 07 जिंदा कारतूस .315 बोर· 01 महिन्द्रा स्कॉर्पियो (नं. PB 11 AD 1019) – धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज
थानाध्यक्ष कमल भाटी, उ0नि0 ललित किशोर चतुर्वेदी, उ0नि0 शुभम वर्मा, उ0नि0 मनीष कुमार, का0 अवनीश कुमार, का0 तरुण कुमार एवं चालक हे0का0 अरविन्द कुमार।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से जनपद में सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।











