इटावा, 21 फरवरी, 2026: मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान कल्याण के प्रति पूर्णतः समर्पित है। इसी कड़ी में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत किसानों को क्षतिपूर्ति सहायता राशि वितरण एवं कृषि भवनों के शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लखनऊ से सीधे लाइव प्रसारण के माध्यम से जुड़ा था, जिसे गरिमामय वातावरण में संपन्न किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक सदर सरिता भदौरिया रहीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश भर के किसानों के हित में 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का वितरण बटन दबाकर किया गया। यह राशि प्राकृतिक आपदाओं एवं आकस्मिक दुर्घटनाओं से प्रभावित किसान भाइयों एवं उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है।
जनपद इटावा में 18 किसानों को मिला लाभ:
विधायक सरिता भदौरिया ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जनपद के 08 किसान भाइयों/परिवारों के खातों में सहायता धनराशि प्रेषित करते हुए प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए। साथ ही, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत 10 किसान भाइयों को आच्छादित कर लाभान्वित किया गया।
विधायक ने कहा- सुख-दुख में सरकार किसानों के साथ:
मा0 विधायक जी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की डबल इंजन सरकार किसान भाइयों के सर्वांगीण विकास हेतु कृतसंकल्प है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण एवं आपदा किट उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा, “खेत में दुर्घटना के दौरान अंग क्षति होने पर ₹2.50 लाख तथा मृत्यु होने की स्थिति में परिजनों को ₹5 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाती है।”
विधायक ने सभी किसानों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रशिक्षण अवश्य लें और फसल बीमा योजना से जुड़कर अपनी मेहनत की सुरक्षा करें। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक पीड़ित किसान और उसके परिवार के साथ दृढ़ता से खड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, समस्त जनप्रतिनिधिगण, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक आर.एन. सिंह, जिला कृषि अधिकारी ओमकार सिंह, उप जिलाधिकारी न्यायिक राकेश कुमार, जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी किसान उपस्थित रहे।











