पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथियों ने विजेता छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, उज्जवल भविष्य की दी शुभकामनाएं
अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ: नगर के प्रतिष्ठित गैलेक्सी पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘न्यूरो अंडरस्टैंडिंग जीके’ (सामान्य ज्ञान) परीक्षा में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभिन्न कक्षा समूहों में आयोजित इस प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
परीक्षा परिणाम के आधार पर मेधावियों को तीन समूहों में पुरस्कृत किया गया कक्षा 1 से 5 समूह में कुणाल शर्मा ने प्रथम, कविस पाल ने द्वितीय तथा अभय चौहान एवं प्रबल प्रताप ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया, कक्षा 6 से 8 समूह में अभिषेक यादव प्रथम, श्रेया पाल द्वितीय एवं प्रिंस त्रिपाठी तृतीय स्थान पर रहे, कक्षा 9 से 12 समूह में वैभव सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि आशी यादव द्वितीय और कार्तिक पांडे तृतीय स्थान पर रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अनीता सिंह एवं डॉ. रजनीश द्विवेदी उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों के बौद्धिक विकास और भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मील का पत्थर साबित होती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक संजीव चौहान एवं प्रधानाचार्य विजय सिंह ने सभी विजेताओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में शिक्षक अमित यादव, अनुराग तिवारी, ओम शिव गुप्ता, अनुभव तिवारी, दिनेश, डॉ. शालिनी चतुर्वेदी, ज्योति, शिवांगी पाठक, नेहा यादव, कृष्ण गुप्ता, सोनम पाल, पुष्पा तिवारी सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।











