Explore

Search

July 27, 2026 12:31 am

लेटेस्ट न्यूज़

दबंगों ने बैनामाशुदा जमीन पर किया कब्जा, पीड़िता ने उपजिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार

अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ, कन्नौज। तहसील क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर हासिलपुर (बहवलपुर) में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ एक महिला की पुश्तैनी बैनामाशुदा जमीन पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
ग्राम विशुनपुर हासिलपुर निवासी सुषमा पत्नी कुंवरपाल ने बताया कि उनकी सास शांति देवी ने वर्ष 1973 में गांव के ही बल्ली उर्फ बल्ला से एक मकान का बैनामा कराया था। पीड़िता का परिवार पिछले कुछ समय से राजस्थान के गोगामेड़ी में ईंट पथाई की मजदूरी करने गया हुआ था। आरोप है कि जब परिवार वापस लौटा, तो देखा कि गांव के ही दबंगों ने उनकी जमीन पर भैंसें आदि बांधकर अवैध कब्जा कर लिया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार जब पीड़िता ने कब्जे का विरोध किया, तो विपक्षीगण जगदीश, राजीव, अजीत, मोंटी और रवि कुमार ने उनके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि ये लोग झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं और पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि पूर्व में उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायती पत्र पर संबंधित अधिकारियों ने कोतवाली प्रभारी छिबरामऊ को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने और मामले के निस्तारण हेतु निर्देशित किया है। पीड़िता ने मांग की है कि उसकी बैनामाशुदा आराजी को दबंगों के चंगुल से मुक्त कराया जाए और उसे व उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर