राजीव ठाकुर बोले- “विकास कार्यों से बौखलाए विपक्षी लगा रहे झूठे आरोप, सच्चाई आएगी सामने”
अब्दुल्लाह अख़्तर
तालग्राम/कन्नौज: इत्र नगरी कन्नौज के तालग्राम विकास खंड में पिछले कुछ दिनों से जारी विवाद अब एक नया मोड़ लेता दिख रहा है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव ठाकुर उर्फ पुच्ची ने अपने ऊपर लगे अपहरण और मारपीट के आरोपों को पूरी तरह से निराधार और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी साजिश उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने के लिए रची गई है।
*टेंडर की आपसी लड़ाई को दिया जा रहा राजनीतिक रंग*
राजीव ठाकुर ने अपना पक्ष मजबूती से रखते हुए कहा कि यह मामला किसी अपराध का नहीं, बल्कि ठेकेदारों के बीच टेंडर प्रक्रिया को लेकर चल रही आपसी खींचतान का है। उन्होंने कहा मेरा इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। चूंकि मैं और मेरा परिवार क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित है, इसलिए कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए मुझे मोहरा बना रहे हैं। टेंडर न मिलने की हताशा को अब व्यक्तिगत हमले का रूप दिया जा रहा है।
*आरोपों में नहीं दिख रही सच्चाई?*
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में राजीव ठाकुर की बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी दल और उनके कुछ प्रतिद्वंदी असहज महसूस कर रहे हैं, एक सामान्य व्यावसायिक विवाद को जानबूझकर जातीय संघर्ष का रूप दिया जा रहा है ताकि सामाजिक सद्भाव बिगाड़कर राजनीतिक रोटियां सेंकी जा सकें,घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपों की पुष्टि के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं किए जा सके हैं, जो आरोपों की सत्यता पर सवाल खड़े करता है।
क्षेत्रीय जनता और कार्यकर्ताओं का समर्थन
जहाँ एक ओर कुछ लोग विरोध प्रदर्शन की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तालग्राम ब्लॉक के तमाम ग्राम प्रधानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजीव ठाकुर के प्रति अटूट विश्वास जताया है। समर्थकों का कहना है कि राजीव ठाकुर ने हमेशा नियम और पारदर्शिता के साथ ब्लॉक का संचालन किया है और वह किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अवैध गतिविधि में संलिप्त नहीं हो सकते।
राजीव ठाकुर ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस की जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के बहकावे में न आएं और सत्य का साथ दें।









