गोरखपुर।मकर संक्रांति के पर्व पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनता दर्शन का आयोजन किया।गोरखनाथ मंदिर परिसर में सीएम ने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्रता से निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।जनता दर्शन में भूमि पट्टा आवंटन से जुड़ी शिकायतों पर सीएम काफी गंभीर दिखाई दिए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिस भी गांव में रुपया लेकर पट्टा आवंटन की शिकायत हो,वहां तत्काल जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें।
सीएम योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं
जनता दर्शन में सीएम योगी ने लगभग 200 लोगों की समस्याएं सुनीं।सीएम कुर्सियों पर बैठे लोगों तक खुद चलकर गए, उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना।सीएम ने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया।
सीएम ने लोगों को दिलाया भरोसा
सीएम योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता दर्शन में एक महिला ने गांव में गरीबों के जमीन पट्टा आवंटन में अनियमितता की शिकायत की।इस पर सीएम ने अफसरों से कहा कि जहां भी रुपया लेकर जमीन पट्टा दिया गया हो, वहां संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अपराध से संबंधित शिकायतों पर सीएम योगी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।साथ ही प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।एक महिला ने आर्थिक तंगी को लेकर बिटिया की शादी की चिंता व्यक्त की तो सीएम ने अधिकारियों से कहा कि बिटिया का विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में कराने की व्यवस्था करें।
धन के अभाव में किसी का नहीं रुकेगा इलाज
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए कई लोगों से सीएम योगी ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्चस्तरीय इलाज का एस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए।एस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी।











