Explore

Search

April 23, 2026 9:38 pm

खाली प्लॉट पर झंडा लगा देते थे और फिर कब्जा,मिल्कीपुर में सीएम योगी ने सपा पर बोला हमला

अयोध्या।उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल विधानसभा सीट मिल्कीपुर से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी चंद्रभान पासवान के पक्ष में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चुनावी सभा को संबोधित किया।हैरिंग्टन ब्लॉक के पलिया मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला।सीएम ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर को भी याद किया,संविधान की बात की और सपा पर डॉक्टर आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाया।

 

सीएम योगी परिवारवाद के मैदान पर सपा को जमकर घेरा।सीएम ने परिवारवाद को सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि यह विकास में सबसे बड़ी बाधा है। सीएम ने कहा कि ये लोग माफियाओं का समर्थन करते हैं। सीएम ने कहा कि सपा प्रयागराज में महाकुंभ का विरोध करती है,सपा अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करती है।सीएम ने कहा कि जब वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर बनता है,संत रविदास की जन्मस्थली का सुंदरीकरण होता है तो सपा उसका भी विरोध करती है। सीएम ने कहा कि सपा डॉक्टर भीमराव आंबेडकर का अपमान करती है, सामाजिक न्याय के पुरोधाओं का अपमान करती है।

 

सीएम योगी ने कहा कि जब हमारी सरकार ने लखनऊ में बिजली पासी के किले के सुंदरीकरण का काम किया तो समाजवादी पार्टी ने उसका विरोध किया।सीएम ने कहा कि जब हमारी सरकार ने तीन महिला बटालियन, वीरांगना ऊदा देवी, वीरांगना झलकारी देवी, वीरांगना अवंती बाई के नाम पर करने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया तो भी सपा ने इसका विरोध किया।सपा ने कन्नौज में बाबा साहब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदलने का काम किया। सीएम ने कहा कि हम सत्ता में आए तो इसका नामकरण फिर से बाबा साहब के नाम पर किया।

 

सीएम योगी ने कहा कि आपका उत्साह देखकर मुझे महाकुंभ की झलक दिख रही है।हाल ही में हमारी पूरी कैबिनेट ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर पुण्य के भागी हुए।बिना किसी बाधा के हमारे उत्तर प्रदेश में 144 साल बाद ये शुभ अवसर आया और महाकुंभ में देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत का अवसर मिला है। सीएम ने कहा कि पिछले 10 दिनों में 10 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में डुबकी लगाई है। इस तरह से 45 करोड़ की आबादी महाकुंभ में आने की संभावना है। इतनी आबादी दुनिया में सिर्फ दो देशों के पास है और उसमें भारत और चीन हैं।

 

सीएम योगी ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश वाले सौभाग्यशाली हैं। आज बिना भेदभाव के पूरा भारत संगम में डुबकी लगा रहा है।संगम का एक ही संदेश,एकता से ही अखंड रहेगा ये देश। सीएम ने कहा कि एकता के मार्ग में सबसे बड़ी चुनौती है जातिवाद और परिवारवाद।आज उसी परिवारवाद पर प्रहार करने के लिए मैं आपके पास आया हूं,आपके विकास में बाधा है ये परिवारवाद और जातिवादी की राजनीति,आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ है जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति, ये वही लोग कर रहे हैं जिन्होंने सिर्फ अपने परिवार की चिंता की।

 

सीएम योगी ने कहा कि याद करिए अयोध्या से ही अम्बेडकरनगर बना था।उस समय डॉक्टर राम मनोहर लोहिया यहां पैदा हुए थे।उन्होंने समाजवाद के लिए कहा था कि जो संपत्ति के चक्कर में पड़े वो समाजवादी नहीं है।आज के समाजवादी संपत्ति के चक्कर में ही पड़े हुए हैं,जो भी प्लॉट खाली दिख जाए उसमें इनके झंडे लग जाते थे।सीएम ने कहा कि सपा के अध्यक्ष रोज महाकुंभ के बारे में रोज दुष्प्रचार कर रहे हैं और भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ करते हैं, समाजवादी पार्टी के हाथ कारसेवकों के खून से सने हुए हैं, ये वही समाजवादी पार्टी है।अयोध्या में राम मंदिर का विरोध करती है,महाकुंभ का विरोध करती है।जब हमने अयोध्या के एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मिकी के नाम पर रखा तो सपा ने उसका भी विरोध किया।

 

सीएम योगी ने कहा कि सपा सिर्फ तभी आंसू बहाती है, जब कोई माफिया मर जाता है,दलित बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने वाला मुईन खान इनका हीरो बन जाता है। सीएम ने कहा कि सफाई दे रहे हैं कि डीएनए जांच होनी चाहिए।यही सपा का वास्तविक चरित्र है।हम कहते हैं देख सपाई,बिटिया घबराई,ये मुईन खान के ही कृत्य हैं। सीएम ने कहा कि हम मिल्कीपुर को,मिल्कीपुर के ही सपूत को चुनकर वहां के विकास का भागीदार बनाएंगे।

 

सीएम योगी ने कहा कि आज जब कानून व्यवस्था की बात होती है तो लोग कहते हैं कि यूपी की कानून व्यवस्था अच्छी है।आज हर एक को सुरक्षा प्रदान करना इस सरकार का उद्देश्य है। सीएम ने कहा कि सपा के समय में किसी पर्व में एक दंगा शुरू हो जाता था,बेटी सुरक्षित नहीं निकल सकती थी,गाय और भैंस तक चोरी हो जाती है,जो जितना बड़ा माफिया होता था उसे सपा में उतना बड़ा ओहदा मिल जाता था।

 

सीएम योगी ने हैरिंग्टनगंज के नाम का जिक्र करते हुए कहा कि ये गुलामी की मानसिकता क्यों,इसका नाम भी तो कोई स्वामी वामदेव के नाम पर हो सकता है,किसी विश्वनगरी के नाम पर हो सकता है। सीएम ने कहा कि इन्होंने पूरी ताकत लगाई थी कि गुलामी के ढांचे को कोई टस से मस नहीं कर सके,लेकिन हमने कहा कि कुछ भी हो गुलामी का ढांचा तो हटेगा।

 

सपा सरकार के समय दलितों की जमीन पर कब्जा करने के कथित मामले का भी सीएम योगी ने जिक्र किया और कहा कि हमने अपराधियों पर नकेल कसी,हमने कहा कि गरीबों की जमीन पर कब्जे का ये खेल हमारी सरकार के समय नहीं चलेगा।

 

सीएम योगी ने कटेहरी से मझवां तक उपचुनाव में जीत का जिक्र करते हुए इनका रिकॉर्ड तोड़ने की अपील करते हुए सपा को अयोध्या, मिल्कीपुर का दुश्मन बताया।सीएम ने कहा कि परिवारवाद और माफियाओं को प्रश्रय देने वाली समाजवादी पार्टी को सिरे से खारिज कर दिए जाने की जरूरत है।सीएम ने जनसभा में मौजूद लोगों से घर-घर जाकर ये बताने का आह्वान किया।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर