अब्दुल्लाह अख़्तर
छिबरामऊ। “जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है” और “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” के मूल मंत्र के साथ छिबरामऊ कोतवाली परिसर में डिजिटल जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। ‘उड़ान संस्कारशाला’ द्वारा संचालित ‘साइबर सिपाही (नागरिक)’ अभियान के दूसरे बैच के प्रतिभागियों के लिए यह उपाधि वितरण समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा और सजगता का संदेश देते हुए युवाओं को डिजिटल दुनिया में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में मुख्य रूप से मौजूद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया और पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को वर्ष 1890 से अस्तित्व में आए ऐतिहासिक कोतवाली परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को कार्यालय, साइबर सेल और हवालात सहित पुलिस की विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया गया।
अभियान की सराहना करते हुए निरीक्षक कपिल दुबे ने कहा कि ‘मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी’ (MCMR) मुहिम के तहत चल रहा यह प्रयास पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की एक मजबूत कड़ी साबित हो रहा है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर आने वाली पोस्ट्स की सत्यता जांचने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी भी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर टिप्पणी करना अपराध की श्रेणी में आ सकता है, इसलिए इसका उपयोग पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन करते हुए गौरव त्रिपाठी ‘अमर’ ने बताया कि अब तक सौ से अधिक बच्चे और युवा इस अभियान से जुड़कर ‘साइबर सिपाही’ बन चुके हैं और जल्द ही टीम घर-घर संपर्क कर इस जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाएगी। वहीं, अभियान प्रभारी दिशा दुबे ने दूसरे बैच के चयनित प्रतिभागियों— हिमांशु, सचिन सैनी, द्विज वशिष्ठ, अन्वेषा शर्मा, नरेंद्र कुमार, रोहित सिंह, हर्ष पाल, लक्ष्य गुप्ता, प्रषेक सक्सेना, आकांक्षा गुप्ता, धनंजय मिश्रा, ओम श्रीवास्तव, निशु श्रीवास्तव, कंचन यादव, अंशुमान, सेजल, तरु तिवारी, वंशिका शर्मा, इशु चौरसिया, शिवानी सागर, कृष्णा गुप्ता, अमन शाक्य, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, मानसी सागर, पूर्णिमा वर्मा, आशुतोष रावत, स्वाति सक्सेना, धनंजय प्रताप सिंह, आदर्श प्रताप सिंह, आयति दुबे, अर्पण, आध्या, नैतिक दुबे, विष्णु और राजीव कुमार को उपाधि प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक कर साइबर अपराधों से बचाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
Author: Mohammed irfan













