इटावा जिला अस्पताल (पुरुष) में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और पारदर्शी बनाए रखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. परितोष शुक्ला लगातार सक्रिय हैं। रविवार की देर रात करीब 11 बजे उन्होंने अचानक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ समय से उपस्थित मिले। इस दौरान डॉ. परितोष शुक्ला ने स्पष्ट किया कि रविवार की छुट्टी हो या कोई त्योहार, अस्पताल की व्यवस्थाओं और जमीनी हकीकत का जायजा लेने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण किसी भी समय जारी रहेंगे।

देर रात के निरीक्षण के बाद अगले ही दिन सोमवार सुबह 8 बजे उन्होंने पुन: पुरुष चिकित्सालय के सभी वार्डों का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती बुजुर्गों और बच्चों के पास जाकर उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली। मरीजों और उनके तीमारदारों में विश्वास जगाने के लिए उन्होंने खुद का व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी साझा किया और कहा कि दिन हो या रात, किसी भी समस्या या आपात स्थिति में मरीज उनसे सीधा संपर्क कर सकते हैं। वैसे मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शुक्ला शुरुआत से ही नियमित रूप से रोजाना सुबह 8:00 बजे तथा शाम 5:00 से 6:00 बजे के बीच अस्पताल के वार्डों और इमरजेंसी का निरीक्षण करते रहे हैं।

अस्पताल परिसर में सुविधाओं के विस्तार और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर से मरीजों को स्ट्रेचर के जरिए ले जाने में आसानी हो, इसके लिए अस्पताल परिसर में डामर युक्त रोड निर्माण के संबंध में शासन-प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, जहां बजट स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की।
Author: Mohammed irfan













