Explore

Search

September 18, 2026 6:31 pm

लेटेस्ट न्यूज़

“1 किलो भी नहीं खरीदा!” सरकारी वादों से रूठे किसान, कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

अब्दुल्ला अख़्तर
मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी; अविलंब ‘आलू नीति’ बनाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग
कन्नौज। उत्तर प्रदेश में आलू उत्पादक किसानों की लगातार दो वर्षों से उचित मूल्य न मिलने के कारण हो रही दुर्दशा और आर्थिक संकट को लेकर ‘किसान आन्दोलन’ संगठन के बैनर तले कलेक्ट्रेट कन्नौज में एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के बाद किसानों, आलू आढ़तियों, शीतगृह स्वामियों तथा व्यापारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
किसान आन्दोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा आलू खरीद के लिए पूर्व में किए गए वादे और फर्रुखाबाद मंडी सहित खोले गए 35 क्रय केंद्र पूरी तरह से बेअसर साबित हुए हैं। क्रय केंद्रों पर किसानों का 1 किलो आलू भी नहीं खरीदा गया, जिससे किसानों का योजनाओं से विश्वास उठ चुका है। अधिक उत्पादन के बाद भी सही मूल्य न मिलने के कारण किसान गहरे कर्ज के संकट में डूब गए हैं।
संगठन ने मांग की है कि किसानों की बर्बादी को रोकने के लिए सरकार अविलंब एक ‘आलू नीति’ का निर्माण करे, जिसमें किसानों को उनकी लागत का कम से कम डेढ़ गुना मूल्य मिलने की स्पष्ट व्यवस्था हो।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगों में शीतगृहों (कोल्ड स्टोरेज) में भंडारित आलू का सम्पूर्ण भंडारण शुल्क सरकार स्वयं जमा करे, अन्य राज्यों की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी आलू पर तत्काल मंडी टैक्स समाप्त किया जाए तथा देश भर में आलू परिवहन के लिए रेल भाड़ा फ्री किया जाए, हाइब्रिड आलू का MSP 1000 रुपये प्रति क्विंटल तथा चिपसोना व हॉलैंड (प्रोसेसिंग क्वालिटी) का न्यूनतम मूल्य 1500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाए। यदि इससे कम भाव आता है, तो ‘भाव अंतर योजना’ बनाकर अंतर की राशि किसानों के खातों में दी जाए, आलू पर लगे सभी निर्यात प्रतिबंधों को हटाया जाए तथा परिवहन में दी जा रही 25 प्रतिशत छूट को बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया जाए, आलू किसानों के संपूर्ण कर्जे माफ किए जाएं और आलू को राशन की दुकानों के माध्यम से वितरित करने तथा गौशालाओं एवं अन्य सरकारी योजनाओं में उपयोग करने की व्यवस्था की जाए।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी अशोक कटियार, जिलाध्यक्ष राजीव कटियार, मंडल उपाध्यक्ष अरविन्द राजपूत, तहसील अध्यक्ष सोम प्रकाश वर्मा, शीतगृह संघ के महामंत्री मनोज रस्तोगी, आलू निरीक्षक सुधीर शुक्ला, किसान हितैषी अच्छे ख़ान सहित भारी संख्या में किसान व व्यापारी उपस्थित रहे।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर