Explore

Search

September 18, 2026 11:05 am

लेटेस्ट न्यूज़

कन्नौज कलेक्ट्रेट पर आज जुटेगा किसानों का सैलाब, फर्रुखाबाद से उठी आवाज अब बनेगी राष्ट्रीय आंदोलन

अब्दुल्ला अख़्तर कन्नौज

 हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के किसान नेताओं का मिला समर्थन

 फर्रुखाबाद के बाद अब 18 सितंबर को कन्नौज में बड़े प्रदर्शन की तैयारी पूरी

 आलू उत्पादकों की बदहाली दूर करने के लिए ‘राष्ट्रीय आलू नीति’ बनाने की उठी मांग

छिबरामऊ/कन्नौज। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में शुरू हुआ प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन अब राष्ट्रीय रूप लेने जा रहा है। आलू किसानों की बढ़ती समस्याओं को लेकर शुरू हुए इस आंदोलन को अब हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश सहित देश के कई अन्य राज्यों के प्रमुख किसान नेताओं का भी पूर्ण समर्थन हासिल हो गया है।

आंदोलन की आगे की रणनीति को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने दिल्ली में विभिन्न राज्यों के शीर्ष किसान नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने गुणवंत पाटिल, गुरु प्रताप सिंह मान, गुणी प्रसाद और सुब्रत मणि त्रिपाठी समेत कई प्रमुख किसान नेताओं के साथ आलू उत्पादक किसानों के गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

अजय अनमोल ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत, फसलों का उचित मूल्य न मिलना और कोल्ड स्टोरेज व विपणन (मार्केटिंग) की सही व्यवस्था न होने के कारण आज देश का आलू किसान भयंकर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि फर्रुखाबाद से शुरू हुई यह लड़ाई अब केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे देश के आलू किसानों की बुलंद आवाज बनेगी।

राष्ट्रीय आलू नीति बनाने की मांग

किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आंदोलनकारियों ने सरकार से ‘राष्ट्रीय आलू नीति’ बनाने की पुरजोर मांग की है। अजय अनमोल ने कहा कि जब तक आलू का लाभकारी मूल्य तय नहीं होता और भंडारण व प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) की समुचित व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक किसान खुशहाल नहीं हो सकता। उन्होंने नारा दिया— “आलू की आवाज उठेगी, तभी आलू नीति बनेगी और तभी आलू किसान बचेगा।”

आज कन्नौज कलेक्ट्रेट पर विशाल प्रदर्शन

फर्रुखाबाद में सफल शुरुआत के बाद रणनीति के अगले चरण में आज (18 सितंबर) को कन्नौज कलेक्ट्रेट पर आलू किसानों का विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन को लेकर कन्नौज में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और किसान नेताओं ने सभी साथी किसानों से भारी संख्या में जल्द से जल्द पहुंचने का आह्वान किया है। आने वाले दिनों में देश भर के किसान संगठनों को एक मंच पर लाकर इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर और तेजी से उठाया जाएगा।

Mohammed irfan
Author: Mohammed irfan

Live Tv
विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर