अब्दुल्ला अख़्तर
सड़क किनारे बेहोशी की हालत में छोड़कर भागा बस कंडक्टर; अस्पताल में कराया गया भर्ती
छिबरामऊ।
रोडवेज बस में यात्रा कर रहे एक युवक को अज्ञात जहरखुरानों ने अपनी ठगी का शिकार बना लिया। जहरखुरानों ने युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर बेहोश कर दिया और उसके पास से हजारों की नकदी समेत दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित युवक को बेहोशी की गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत खुबरियापुर के मजरा नगला भैसे गांव का रहने वाला गौरव राजपूत दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वह रोडवेज बस द्वारा अपने गांव वापस लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में वह जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया।
हैरानी की बात यह रही कि रोडवेज बस के कंडक्टर ने इंसानियत ताक पर रखकर बेहोश युवक को तालग्राम तिराहा के पास सड़क किनारे उतार दिया और बस लेकर चला गया। राहगीरों ने जब सड़क किनारे एक युवक को बेसुध पड़ा देखा, तो वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से पीड़ित को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिलने के बाद दोपहर को जब गौरव को होश आया, तब उसने आपबीती सुनाई। गौरव ने बताया कि अज्ञात जहरखुरान उससे 25 हजार रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन लूट ले गए हैं।
घटना की भनक लगते ही गौरव के परिजन भी बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए। जब परिजनों ने गौरव के पास बचे सामान की जांच की, तो एक अजीब मामला सामने आया। गौरव के पास मौजूद दो बैगों में से एक बैग तो उसका था, लेकिन दूसरा बैग किसी अज्ञात महिला का निकला। उस बैग को खोलने पर उसमें कुछ कपड़े और मेकअप का सामान बरामद हुआ है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच जारी है।
Author: Mohammed irfan












