भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला छोला में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सो रही मां-बेटी को सांप ने डस लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने 13 वर्षीय किशोरी को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।
गांव नगला छोला निवासी वीर सिंह पुत्र नरेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान उसकी 13 वर्षीय बहन ईशा को किसी सांप ने काट लिया। ईशा ने दर्द होने पर अपनी मां फूलमती को इसकी जानकारी दी। बेटी को देखने के लिए जैसे ही फूलमती उठीं, तभी उन्हें भी सांप ने डस लिया।
सांप के काटने के बाद मां-बेटी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रात करीब 12 बजे किशोरी ईशा को मृत घोषित कर दिया। वहीं फूलमती की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
किशोरी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम का माहौल है। सूचना पर थाना उपनिरीक्षक ईदु हसन ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जहां एक ओर 13 वर्षीय बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दूसरी ओर मां जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।











