लखनऊ।उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर एक बार फिर घोटाले का आरोप लगाया है। अखिलेश ने कहा है कि भाजपा सरकार में बनाए गए हर कॉरिडोर और चौड़ीकरण के पीछे बड़ा घोटाला हुआ है।इसकी बहुसदस्यी न्यायिक जांच हो, इसमें संलिप्तों को बख्शा न जाए चाहे वह कोई भी हो।
अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर केंद्र की मोदी सरकार और योगी सरकार पर साधा निशाना
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट कर केंद्र की मोदी सरकार और योगी सरकार पर निशाना साधा।अखिलेश ने अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार के बनाए हर कॉरिडोर और चौड़ीकरण की योजना के पीछे जो घपला-घोटाला है,उसके लिए एक बहुसदस्यी न्यायिक जांच हो।इसमें संलिप्त न कोई ट्रस्टी बख़्शा जाए,न किसी कमेटी का कोई सदस्य और न ही कोई प्रशासनिक और विकास प्राधिकरण का अधिकारी। इतने बड़े घोटाले इन सबकी मिलीभगत से ही होते हैं।पिछले कुछ सालों में इन कामों से जो भी जुड़ा रहा है और जिन पदाधिकारियों और अधिकारियों ने मुख्य-मुख्य भूमिका निभाई है,उनकी ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से कमाई गयी काली संपत्ति व अकूत धन-संपदा की भी जांच आम जनता,ईमानदार पत्रकारों व बहुदलीय जनप्रतिनिधियों की निगरानी में हो।
अखिलेश यादव ने पोस्ट के साथ एक वीडियो भी किया शेयर
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर की।इस वीडियो में अयोध्या में 1940 में बने एक शिव मंदिर को बुलडोजर से गिराया जा रहा है। बता दें कि 11 जून को 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के तहत प्रशासन ने कई मकानों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।इस दौरान 1940 में बना शिव मंदिर भी ध्वस्त किया गया, जो परिक्रमा पथ की जद में आ रहा था। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।











